खेत मे अचानक बेहोश होकर गिरा कृषक
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
बालाघाट/
भरवेली थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हवा खेत में कृषि कार्य के दौरान एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत में काम करते समय किसान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन और आसपास मौजूद किसानों ने तत्काल उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया।जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद कृषक कपूर चंद पिता भैयालाल जेतवार 55 वर्ष का शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोल्हवा निवासी कपूरचंद जेतवार पेशे से किसान थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र और पुत्री दोनों का विवाह हो चुका है। कपूरचंद अपने पत्नी, पुत्र और बहू के साथ रहकर खेती-किसानी का कार्य करते थे।बताया गया कि कृषि कार्य के चलते 27 जुलाई की सुबह कपूरचंद अपने परिवार के साथ खेत में कृषि कार्य करने गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें गिरते देख परिजन और आसपास के किसान तुरंत मौके पर पहुंचे तथा उन्हें संभालने का प्रयास किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया।लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी।जिला अस्पताल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर किसान की मौत हृदय गति रुकने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।जिला अस्पताल पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है तथा मामले से संबंधित दस्तावेज अग्रिम कार्रवाई के लिए भरवेली थाना भेज दिए गए हैं।










































