एक वर्ष से खस्ताहाल सडक़, ग्रामीणों ने मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की करी मांग
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गर्रा के गर्राटोला से झाडग़ांव को जोडऩे वाले करीब ढाई किलोमीटर लंबे डामर मार्ग की स्थिति लंबे समय से बदहाल बनी हुई है। सडक़ की डामर परत जगह जगह से उखड़ जाने के कारण छोटे.बड़े गड्ढे बन गए हैं,वहीं सडक़ के किनारों पर कटाव होने से साइड शोल्डर भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके चलते इस मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस खराब सडक़ के कारण कई बार दुर्घटना की स्थिति भी निर्मित हो चुकी है।
डामर की परत उखडऩे से गड्ढों का लगा अंबार
गर्राटोला से झाडग़ांव जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से रामपायली, मोहगांव, थानेगांव सहित आसपास के विभिन्न गांवों के ग्रामीण झाडग़ांव, मेढक़ी, पदमपुर, डोंगरमाली सहित अन्य क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। वहीं झाडग़ांव सहित आसपास के ग्रामीणों का वारासिवनी मुख्यालय आना जाना भी इसी मार्ग से होता है। सुबह से देर रात तक इस सडक़ पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के साथ बस, ट्रक और ट्रैक्टर सहित अन्य वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। लेकिन वर्तमान में सडक़ की हालत ऐसी हो गई है कि कई स्थानों पर डामर की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। इससे सडक़ पर छोटे बड़े गड्ढे बन गए हैं और गिट्टी निकलकर सडक़ पर बिखरी हुई है। बारिश एवं लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण सडक़ के किनारे भी कटने लगे हैं जिससे कई स्थानों पर सडक़ और साइड शोल्डर के बीच काफ ी ऊंचाई का अंतर दिखाई देता है। ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। यह समस्या करीब एक वर्ष से बनी हुई है लेकिन अब तक सडक़ की स्थिति सुधारने के लिए प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई है। खराब सडक़ के चलते कुछ ग्रामीणों और यात्री वाहनों ने दूसरे मार्गों का उपयोग करना शुरू कर दिया है। इससे लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है और समय भी अधिक लग रहा है। वहीं जिन्हें मजबूरी में इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है उन्हें क्षतिग्रस्त सडक़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। सडक़ के गड्ढों और किनारों के कटाव के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेषकर रात के समय स्थिति और अधिक परेशानी जनक हो जाती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि गर्राटोला झाडग़ांव मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए। साथ ही जहां सडक़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है वहां पुन: डामरीकरण अथवा सडक़ का पुनर्निर्माण कराया जाए।
गर्राटोला से झाडग़ांव मार्ग में भयंकर गड्ढे और पूरी सडक़ खराब हो गई-राधेश्याम मालाधारी
राधेश्याम मालाधारी ने बताया कि हम बाहर रहते हैं किसी कार्य से यहां आना जाना होता है। यह गर्राटोला से झाडग़ांव मार्ग है इसमें भयंकर गड्ढे हो गए हैं बहुत ज्यादा समस्या हो रही है। पूरी सडक़ खराब हो गई है मोटरसाइकिल कहीं भी स्लिप हो जाती है पूरा मार्ग खराब हो गया है। इसकी मरम्मत आज तक नहीं हुई है काफ ी तकलीफ भी होती है इस सडक़ को बनाना चाहिए ताकि लोग सुरक्षित आवागमन करें।
रोड़ बहुत खराब हो गया है आने जाने में परेशानी होती है-राज मरोतकर
राज मरोतकर ने बताया की डोके रहता हूँ यह पास का सडक़ है खतरा बहुत ज्यादा है रात्रि में पूरा अंधेरा रहता है पूरा रोड भी खराब हो गया है इसे बनाना चाहिए। करीब ६ महीने से ज्यादा समय हो गया यही स्थिति है अब तो इस मार्ग पर लोग मजबूरी से आना जाना कर रहे हैं अन्यथा आगमन बंद कर दिया गया है। बड़े वाहन और यात्री बस अब गर्रा होते हुए आते हैं हमें भी गर्रा होते हुए आना जाना करना पड़ता है। वह बहुत दूरी का मार्ग पड़ता है हमें अपने कार्यों के लिए झाडग़ांव आना होता है तो उल्टा गर्रा पड़ता है इसलिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं। इस रोड को जल्द बनाया जाना चाहिए बहुत ज्यादा तकलीफ है।






































