जर्जर भवन के कारण अतिरिक्त कक्ष में संचालित हो रही आंगनबाड़ी

0

बच्चों धात्री और गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानी

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गर्रा के गर्राटोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक ३ की बदहाल स्थिति से बच्चों ,धात्री महिलाओं एवं गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र का भवन जर्जर होने के कारण पिछले करीब एक वर्ष से इसका संचालन एकीकृत शाला के अतिरिक्त कक्ष में किया जा रहा है। इसके बावजूद यहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से आंगनबाड़ी की नियमित गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। नवीन भवन की स्वीकृति नहीं मिलने से ग्रामीणों में महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रति नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से शीघ्र नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।

२००८ में हुआ था भवन का निर्माण

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गर्रा घनी आबादी वाला ग्राम है यहां गर्राटोला स्थित एकीकृत शाला परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक ३ संचालित होता है। आंगनबाड़ी भवन का निर्माण वर्ष २००८ में कराया गया था लेकिन देखरेख एवं समय के साथ भवन की स्थिति काफ ी जर्जर हो चुकी है। भवन की हालत इतनी खराब हो गई थी कि वहां बच्चों को बैठाना जोखिम भरा माना जाने लगा। इसी को देखते हुए करीब एक वर्ष पहले आंगनबाड़ी का संचालन पुराने भवन से हटाकर प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष में शुरू कर दिया गया। वर्तमान में जिस अतिरिक्त कक्ष में आंगनबाड़ी संचालित हो रही है वहां बच्चों के बैठने के लिए ईंट, पत्थर और सीमेंट से बनी टेबलें हैं। ऐसे में बच्चों को सामान्य रूप से जमीन पर एक साथ बैठाकर अनौपचारिक शिक्षा देने और सामूहिक गतिविधियां कराने में परेशानी होती है। वहीं आंगनबाड़ी में आयोजित होने वाले विभागीय कार्यक्रमों के साथ प्रत्येक सप्ताह धात्री एवं गर्भवती महिलाओं के लिए होने वाली गतिविधियों के संचालन में भी पर्याप्त जगह और सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इस व्यवस्था के चलते आंगनबाड़ी के करीब ७५ प्रतिशत कार्यक्रमों के संपादन में दिक्कतें आ रही हैं।

डिस्मेंटल की कार्यवाही पूरी नवीन भवन की स्वीकृति का इंतजार

आंगनबाड़ी भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत एवं आंगनबाड़ी स्तर से भवन को डिस्मेंटल कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बताया जाता है कि पुराने भवन को डिस्मेंटल भी किया जा चुका है लेकिन अब तक नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है। इसके चलते आंगनबाड़ी का संचालन अस्थायी व्यवस्था के तहत ही करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों द्वारा कई बार संबंधित विभाग और शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक ३ के नवीन भवन की स्वीकृति प्रदान कराने तथा जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

भवन जर्जर हो चुका है प्लास्टर झड़ रहा है २००८ में बना था – दिलावंती बागड़े

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दिलावंती बागडे ने बताया की गर्राटोला केंद्र क्रमांक ३ यहां बच्चों को बैठाल कर खेल खिलौन की समस्या जा रही है। अतिरिक्त कक्ष स्कूल का है उसमें आंगनबाड़ी लग रहे हैं ,यहां पर हम कोई मैटर लिख नहीं सकते साफ सफाई अपने तरफ से कर नहीं सकते दूसरे का कमरा है। हमारा भवन जर्जर हो चुका है प्लास्टर झड़ रहा है २००८ में यह बना था वह पूरा खराब हो गया है। इसकी सूचना हमने विभाग को दिए थे भवन स्वीकृत की भी हमें सूचना मिली है। यह भवन को डिस्मेंटल कर दिया गया है अभी सबसे बड़ी समस्या बच्चों की गतिविधि बनी हुई है जो नहीं हो पा रही है।

नया आंगनबाड़ी भवन बनने से बच्चों को सुविधा मिलेगी-रूपेंद्र सोनवाने

सरपंच रूपेंद्र सोनवाने ने बताया कि आंगनबाड़ी २००८ में भवन बना था जिसे डिस्मेंटल भी पंचायत के द्वारा कार्यवाही करके करवा दिया गया है। बैठने लायक यह बचा नहीं है स्कूल के एक कमरे में एक वर्ष से यह चल रहा है। गर्भवती धात्री महिलाएं जब आती है तो उठने बैठने की समस्या होती है हमने इसके लिए प्रस्ताव और सभी जरूरी कार्यवाही कर दी है। स्वीकृति अभी तक आई नहीं है अब १७ वर्ष में यहां भवन क्यों खराब हो गया वह बनाने वाला बता पाएगा। हम तो यही चाहते हैं कि आंगनबाड़ी बने और बच्चों को सुविधा मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here