गले पर धारदार हथियार के निशान, हत्या की आशंका से सनसनी
वारासिवनी। वारासिवनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डोंगरगांव की नहर में बुधवार को उस समय हडक़ंप मच गया जब ग्रामीणों ने पानी में एक अज्ञात युवती का शव बहता हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शव को बाहर निकाला गया। मृतिका के गले पर धारदार हथियार से रेतने का गहरा निशान पाया गया है। जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला जघन्य हत्या का प्रतीत हो रहा है।
खेती किसानी के दौरान ग्रामीणों की पड़ी नजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में खेती किसानी का कार्य चल रहा है जिसके लिए नहरे में पानी भी छोड़ दिया गया है। वहीं रोजाना किसान अपने खेती.बाड़ी के कार्यों से आना जाना कर रहे हैं,ऐसे ही मंगेझरी से डोंगरगांव ढूटी नहर किनारे किसान अपने कार्य के लिए गुजर रहे थे तो उन्होंने देखा की नहर में एक काले कपड़े में कोई व्यक्ति का शव बहता हुआ जा रहा है। यह देख ग्रामीणों के द्वारा तत्काल नहर का सुरक्षित स्थान देखकर पुलिया के पास नहर में उतरकर बड़ी मशक्कत के साथ शव को बाहर निकाला गया। वहीं तत्काल घटना की जानकारी पुलिस थाना वारासिवनी को दी गई। जिस पर पुलिस अधिकारी के द्वारा मौके पर उपस्थित होकर समस्त जानकारी लेने के उपरांत मामले में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई की करीब २५ वर्ष की उम्र की एक युवती का शव नहर में बहता हुआ मिला है। जिसके गले में धारदार हथियार से काटने का निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
पुलिस व एफएसएल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी वारासिवनी अभिषेक चौधरी, वारासिवनी एवं लालबर्रा थाना प्रभारी तथा एफएसएल फॉरेंसिक साइंस लैब बालाघाट की टीम घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस और फ ॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
नागपुर से ३१ जुलाई से लापता थी खुशबू
पुलिस प्रशासन के द्वारा लगातार अज्ञात युवती का शव मिलने पर शिनाख्त की कार्यवाही जारी रखी गई। तभी शिनाख्त की कोशिशों के बाद किसी व्यक्ति के द्वारा मृतिका की पहचान खुशबू डहरवाल पिता शंकर डहरवाल उम्र २४ वर्ष के रूप में हुई। खुशबू का मूल परिवार ग्राम खमरिया थाना लालबर्रा का रहने वाला है। लेकिन वर्तमान में उसका परिवार नागपुर में शिफ्ट हो चुका था। खुशबू वहां अपनी मां और भाई बहन के साथ रह रही थी। खमरिया में उसके चाचा चाची निवास करते हैं। इसमें बताया जा रहा है की खुशबू बीते ३१ जुलाई को बिना बताए घर से कहीं निकल गई थी जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। खमरिया में रहने वाले उसके चाचा चाची के घर भी वह नहीं पहुंची थी।
५ घंटे की मशक्कत के बाद पीएम के लिए भेजा गया शव
फोटो के माध्यम से शिनाख्त की पुष्टि होने के बाद पुलिस प्रशासन ने करीब ५ घंटे तक चली प्रारंभिक जांच प्रक्रिया पूरी की। इसके पश्चात शव को सुरक्षित रूप से सिविल अस्पताल वारासिवनी के पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम ६ अगस्त की सुबह किया जाएगा। युवती का अचानक लापता होना और फि र गर्दन पर धारदार हथियार के निशान के साथ नहर में शव मिलना, हत्या की ओर सीधा इशारा कर रहा है। पुलिस ने पूरे मामले में हत्या का अंदेशा जताते हुए बारीकी से विवेचना और जांच शुरू कर दी है।
मामले में आवश्यक कार्यवाही कर जांच की जा रही है-अभिषेक चौधरी
एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि डोंगरगांव की ढूटी नहर में एक युवती का शव बहता हुआ बरामद किया गया था। सूचना पर पुलिस के द्वारा मौके पर आवश्यक कार्यवाही की गई और संवेदनशील मामला होने के कारण मौके पर मैं व वारासिवनी लालबर्रा थाना प्रभारी पहुंचे थे। एफ एसएल एवं पुलिस के द्वारा बारीकी से जांच की गई है। युवती के गले में कट का निशान है यह खमरिया की रहने वाली हैं युवती का परिवार नागपुर में रहता है। इस अज्ञात युवती की पहचान खुशबू डहरवाल के रूप में की गई है। मामले में आवश्यक कार्यवाही कर जांच की जा रही है जांच के बाद ही मृत्यु का कारण और तरीका दोनों स्पष्ट हो पाएंगे।
000000000000000










































