चिखलाबांध से काम कर सावरगांव लौट रहे थे 8 मजदूर,
ज्ञानदास नेवारे की हालत गंभीर,जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। तिरोड़ी थाना क्षेत्र की गर्रा चौकी और हाथौड़ा के बीच मंगलवार की रात करीब पौने आठ बजे तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में बोलेरो सवार 3 मजदूर घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को कटंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जहां उसका उपचार जारी है।उधर हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मौके पर पहुची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बोलेरो में सवार होकर चिखलाबांध गए थे 8 मजदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सावरगांव निवासी ज्ञानदास नेवारे, संतोष नेवारे, अशोक भलावे सहित 8 मजदूर रोज की तरह मजदूरी करने के लिए बोलेरो में सवार होकर चिखलाबांध गांव गए थे। दिनभर मजदूरी करने के बाद सभी बोलेरो वाहन में सवार होकर वापस अपने गांव सावरगांव लौट रहे थे। इसी दौरान गर्रा चौकी और हाथौड़ा के बीच चालक ने वाहन तेज गति से दौड़ाया, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
गंभीर घायल को जिला अस्पताल भेजा
हादसे में ज्ञानदास नेवारे, संतोष नेवारे और अशोक भलावे घायल हुए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी पहुंचाया गया। ज्ञानदास नेवारे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि संतोष नेवारे और अशोक भलावे का कटंगी अस्पताल में उपचार जारी है। बोलेरो में सवार अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज-दियेवार
मामले को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान सहायक उपनिरीक्षक उमेश दियेवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन तेज गति से चलाए जाने के कारण हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।






































