हाथ में बीयर की बोतल लेकर करता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा
नया बस स्टैंड बिरसा में युवक की हरकत ने दिलाई फिल्म ‘शोले’ की याद,
टंकी पर चढ़े युवक को देखने उमड़ी भीड़, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।फिल्म ‘शोले’ का वह चर्चित दृश्य शायद शायद आपको याद ही होंगा, जिसमें बसंती को पाने के लिए वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा मचाता है। कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को बिरसा के नया बस स्टैंड में देखने को मिला। यहां एक युवक पत्नी से नाराजगी के चलते पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के हाथ में बीयर की बोतल थी और वह टंकी के ऊपर से आवाज लगाकर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। अचानक सार्वजनिक स्थान पर हुए इस घटनाक्रम को देखकर लोगों को फिल्म शोले के वीरू की याद आ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और बस स्टैंड में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। युवक की ऊंचाई पर मौजूदगी और उसकी हरकतों को देखते हुए लोगों को किसी अनहोनी का डर सताने लगा। हालांकि, बिरसा पुलिस ने समय रहते मोर्चा संभालते हुए सूझबूझ और सतर्कता के साथ युवक का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बीयर की बोतल लेकर टंकी पर चढ़ा, लोगों की लगी भीड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को बिरसा थाना क्षेत्र के नया बस स्टैंड में उस समय लोगों का ध्यान एकाएक पानी की टंकी की ओर चला गया, जब एक युवक कथित तौर पर शराब के नशे में टंकी के ऊपर चढ़ा दिखाई दिया। युवक के हाथ में बीयर की बोतल थी और वह ऊपर से आवाजें लगा रहा था।कई बार युवक टँकी के ऊपर से कूदने की एक्टिंग करता हुआ भी नजर आया।उधर अचानक हुए इस घटना से बस स्टैंड में मौजूद लोगों में कौतूहल के साथ चिंता का माहौल बन गया। राहगीर और स्थानीय लोग रुककर युवक की हरकतें देखने लगे। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक जिस तरह पानी की टंकी पर चढ़ा हुआ था, उसे देखते हुए लोगों को आशंका थी कि जरा सी चूक भी किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
शोले के वीरू की आई याद, लेकिन यहां मामला था पारिवारिक नाराजगी का
पानी की टंकी पर युवक को देखकर लोगों के बीच फिल्म शोले के वीरू का चर्चित टंकी वाला दृश्य चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, फिल्म में वीरू का अंदाज और यहां युवक की स्थिति अलग थी। यहां युवक की इस हरकत के पीछे पत्नी से नाराजगी की बात सामने आई। बताया गया कि युवक पारिवारिक विवाद के चलते नाराज था और इसी नाराजगी में वह पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत ने कुछ देर के लिए पूरे बस स्टैंड का माहौल बदल दिया। लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे तो कुछ लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की पहल की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बिरसा पुलिस
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों और सहयोगी दस्ता के सदस्यों ने तत्काल बिरसा थाना प्रभारी विजय केन को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम बिना देर किए नया बस स्टैंड पहुंची। पुलिस जवानों ने मौके की गंभीरता को समझते हुए जल्दबाजी के बजाय धैर्य और सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। युवक की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की रणनीति अपनाई। काफी सतर्कता के बाद पुलिस टीम युवक को पानी की टंकी से सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो युवक के साथ कोई गंभीर दुर्घटना घटित हो सकती थी।
पूछताछ में पत्नी से नाराजगी की बताई बात
उधर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे बिरसा थाना लेकर पहुंची, जहां उससे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की गई। थाना से मिली जानकारी के अनुसार युवक ने अपनी पत्नी से नाराजगी के चलते पानी की टंकी पर चढ़ने की बात बताई। प्रारंभिक तौर पर इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है। पुलिस ने युवक के परिजनों को थाने बुलाया और उन्हें स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद युवक को समझाइश दी गई वही आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
इस पूरे घटनाक्रम में बिरसा थाना प्रभारी विजय केन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जिम्मेदारी और सूझबूझ का परिचय दिया। रेस्क्यू अभियान में आरक्षक सूरज गुर्जर, आरक्षक राजकुमार पटले, एसएसयू राजेंद्र उइके, हेड कांस्टेबल चन्द्र कुमार डहेरिया एवं सेवकराम धुर्बे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिसकर्मियों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।नया बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए लोगों की सांसें अटका दी थीं। एक ओर टंकी पर चढ़ा युवक अपनी हरकतों से लोगों का ध्यान खींच रहा था, वहीं दूसरी ओर नीचे खड़े लोग उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। फिल्म शोले के वीरू की याद दिलाने वाला यह घटनाक्रम भले ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया, लेकिन इसके पीछे संभावित खतरा काफी गंभीर था। स्थानीय लोगों की जागरूकता और बिरसा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।








































