लंदन: ब्रिटिश एयरवेज की एक फ्लाइट बुधवार को हादसे का शिकार होती-होती बची है। फ्लाइट के तीनों पायलट उड़ान भरने के बाद बीमार पड़ गए। इससे विमान में सवार यात्रियों की सांसे हलक में अटक गईं। हालांकि राहत की बात ये रही कि तबीयत खराब होने के बावजूद पायलट फ्लाइट को सुरक्षित उसकी मंजिल तक ले जाने में कामयाब रही। ये फ्लाइट हैदराबाद से लंदन जा रही थी। तीनों पायलटों ने उड़ान भरने से हैदराबाद में नाश्ता किया था। माना जा रहा है कि उनको फूड पॉइजनिंग हुई। एयरलाइन ने इसे एक गंभीर घटना माना है और मामले की जांच की जा रही है।
ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA 276 ने बुधवार सुबह 7.45 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरी। इसकी यात्रा का समय 10 घंटे 35 मिनट था। फ्लाइट से एक रात पहले इस फ्लाइट के तीनों पायलट हैदराबाद के उसी रेगुलर होटल में रुके थे, जिसका इंतजाम एयरलाइन ने किया था। यात्रा शुरू करने से पहले तीनों ने लाउंज में नाश्ता किया और फिर उड़ान भरी।










































