बालाघाट (पद्मेश न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल बालाघाट की कार्यसमिति की बैठक जिला भाजपा कार्यालय में भारत माता और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्रों पर माल्यापर्ण कर संघ गीत गायन के साथ प्रारंभ हुई। बैठक में पार्टी की आगामी गतिविधियों, संगठानत्मक रूपरेखा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सबसे महत्वपूर्ण कल से हर-घर अन्न और जन-जन पोषण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुभ हस्ते सारे देश में चालू हो रहे अन्न महोत्सव के सफल क्रियांवयन आदि विषयों को लेकर चर्चा की गई। वहीं कोरोना महामारी काल में दिवंगत हुऐ कार्यकर्ताओं का नाम वाचन कर मौन श्रद्धांजलि दी गई, जिसके बाद दो राजनैतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए जिसमें नगर पालिका परिषद बालाघाट के वार्डो में मतदाताओं का घनत्व असामान्य हैं, इसको लेकर वार्डो के विकास कार्यो में बाधाऐं आती है। इसे दृष्टीगत रखते हुए वार्डो का पुन: परिसमन कर समान अनुपात में मतदाता समायोजित किया जाए। दूसरा गौण खनिज मद से शहर के विकास के लिए अधिक से अधिक राशि जारी की जाए क्योंकि स्थानीय विधायक गौरीशंकर बिसेन ने पहले शहर और गांवों की सडक इत्यादि के लिए पूर्व में ही एक करोड और बाद कोरोना महामारी के चलते आक्सीजन कंस्ट्रेटर और अन्य जरूरी सामग्री के लिए एक करोड की विधायक निधि प्रदाय कर दी है। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश भटेरे ने कहा कि एक समृद्ध विचारधारा और अपने पितृ पुरुषों के बलिदान तथा तप के कारण आज भाजपा को यह विराट स्वरूप प्राप्त हुआ है। सभी कार्यकर्ताओं को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे मनिषियों के जीवन चरित्र का अध्ययन और अनुसरण करना चाहिए। श्री भटेरे कहा कि हमारी सरकार शहरी और ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कोरोना काल में हमने 80 करोड लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाने का कार्य किया है। इसी कडी में कल से अन्न महोत्सव सारे देश में चालू होगा। उन्होंने कहा विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन प्रोग्राम भी भारत में चल रहा है। आज बड़ी संख्या में लोग आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व केबिनेट मंत्री व बालाघाट विधायक गौरीशंकर बिसेन ने अपने वक्तव्य में कहा कि मोदी सरकार की उज्जवला जैसी योजनाओं के माध्यम से हमने माताओं और बहनों को जहां धुए से मुक्ति दिलाकर उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का कार्य किया है। वही शौचालय निर्माण हो या प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं के माध्यम से भी गरीबों को सस्ते आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया है। अब हर-घर अन्न पंहुचाने के लिए अन्न उत्सव कल से चालू हो रहा है। विधायक बिसेन ने बैठक में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन और आगामी कार्य योजनाओं से संबंधित चर्चा के दौरान कहा कि, भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र प्रथम है, दल द्वितीय और व्यक्ति सबसे अंत में आता है। यही हमारी विचारधारा है। हम देश को आगे बढ़ाने और समाज सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। भाजपा जिला महामंत्री सुरेन्द्र गुड्डा मरकाम ने बैठक में आपातकाल की चर्चा करते हुए कहा गया कि आपातकाल के समय हमारे कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाने के लिए कई-कई माह तक जेल में रहे। उन्हीं का बलिदान है कि आज पूरा भारत हमारे साथ खड़ा है और पूरा विश्व प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। हमारे कार्यकर्ताओं को सदैव समाज के साथ खड़े रहकर जनसमस्याओं के निराकरण के लिए प्रयास करना चाहिए। वही भाजपा जिला कोषाध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने कहा कि कोरोना काल में हमने बहुत उतार चड़ाव देखे हैं। विश्व की बड़ी बड़ी महाशक्तियां कोरोना महामारी के आगे घुटने टेक बैठी थी। तब हमारे देश में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी द्वारा उठाए गए प्रभावी कदमों की वजह से हम कोरोना की पहली लहर पर शीघ्र नियंत्रण पाने में सफल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रभावी योजनाएं बनाकर दिन-रात उसकी स्वयं मॉनीटरिंग की। उसका नतीजा है कि आज देश में कोरोना समाप्ति की ओर है। अपने अघ्यक्षीय उदृबोधन में भाजपा नगर अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना के दौरान जनता के साथ मैदान में खड़े रहने वाला कोई राजनैतिक कार्यकर्ता था तो वह केवल और केवल भाजपा का कार्यकर्ता था। हमारे कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल में रक्तदान,जरूरतमंदों को अनाज,आँक्सीजन कन्सर्टेटर मशीन उपलब्ध करवाना,सब्ज़ी वितरण,सैनेटाइजर और मास्क वितरण किया और लोगों के उपचार, टीकाकरण में भी भरपूर सहायता की। अन्य राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता इस दौरान नदारत रहे, उन्होंने सिर्फ भ्रम पैदा किया, लोगों में हताशा फैलाई और उन्हें गुमराह करने का कार्य किया। श्री ठाकुर ने आगे कहा हम सब सौभाग्यशाली है कि हमे मानव रूप में भारत वर्ष में जन्म मिला और भाजपा में काम करने का अवसर मिला है। हम राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करने के लिए भाजपा में है। भाजपा देश के स्वाभिमान, सम्मान के साथ खडी है वह इससे कभी समझौंता नही कर सकती है। बैठक के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश रंगलानी, भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लता एलकर, श्रीमती मौसम हरिनखेडे एवंं राजकुमार रायजादा प्रमुख रूप से मौजूद थे।