भोपाल। शहर के कोहेफिजा स्थित पुराना सचिवालय (ओल्ड सेक्रेटिएट) परिसर को नए प्रशासनिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम तेज हो गया है। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को री-डेंसिफिकेशन परियोजना की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि परिसर में संचालित सभी शासकीय कार्यालयों की शिफ्टिंग 10 अगस्त तक हर हाल में पूरी कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू किया जा सके।बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल, एडीएम पीसी शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
विभागों को 10 अगस्त तक वैकल्पिक स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए
संभागायुक्त ने कहा कि परिसर में संचालित कलेक्ट्रेट के अभिलेखागार, अधिवक्ता हाल, न्यायालय, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय, साइबर सेल व अन्य विभागों को 10 अगस्त तक वैकल्पिक स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने तहसील हुजूर और तहसील बैरागढ़ शहर को भी नए भवनों में शीघ्र स्थानांतरित करने के लिए अधिकारियों से कहा है।










































