मलेशिया में महिला T20I त्रिकोणीय सीरीज का दूसरा मुकाबला ऐतिहासिक बन गया। यह महिला टी20 क्रिकेट का 10 हजारवां मुकाबला रहा। इस मैच में इंडोनेशिया और चीन की महिला टीमें आमने-सामने हुईं। मैच में इंडोनेशिया ने चीन पर तीन रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बायुएमास ओवल, कुआलालंपुर में 21 नवंबर को महिला टी20 क्रिकेट का एक ऐतिहासिक मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में इंडोनेशिया और चीन की महिला टीमें आमने-सामने हुईं। यह मैच महिला टी20 इतिहास का 10 हजारवां मुकाबला था। इस रोमांचक भिड़ंत में इंडोनेशिया ने चीन को 3 रन से शिकस्त दी।
यह मैच मलेशिया में महिला T20I त्रिकोणीय सीरीज का दूसरा मुकाबला था। मैच में चीन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने का न्योता मिलने के बाद इंडोनेशिया की टीम ने नी लुह डेवी की नाबाद अर्धशतकीय (59) पारी की बदौलत तीन विकेट के नुकसान पर 114 रन का स्कोर बनाया।
आखिरी गेंद तक चला रोमांच
लक्ष्य का पीछा करते हुए चीन की टीम 20 ओवर में 111 रन बनाकर सिमट गई। आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में इंडोनेशिया की नी अरियानी ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि दो अन्य गेंदबाजों को दो-दो विकेट मिले। इस मैच की सबसे खास बात यह रही कि यह मैच महिला टी20 क्रिकेट का 10 हजारवां (जहां तक उपलब्ध आंकड़े हैं) मुकाबला था।
मेंस और विमेंस क्रिकेट 10 हजार मुकाबले-
मेंस क्रिकेट का 10,000वां मैच:-
- फर्स्ट क्लास – लीसेस्टरशायर बनाम समरसेट, 1921
- लिस्ट A – ससेक्स बनाम डर्बीशायर, 1996
- T20 – केन्या बनाम नाइजीरिया, 2021
महिला क्रिकेट के 10,000वां मैचः-
- लिस्ट A- PCB डायनामाइट्स बनाम PCB स्ट्राइकर्स, 2021
- T20- चीन बनाम इंडोनेशिया, 2026
23 साल पुराना है इतिहास
महिला टी20 क्रिकेट के इतिहास की बात करें तो उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, साल 2003 के जून महीने में पहला टी20 मैच खेला गया। यह एक घरेलू T20 टूर्नामेंट (इंग्लैंड T20 कप) था और इंग्लैंड की काउंटी टीमों के बीच खेला गया था। तब से अब तक महिला टी20 क्रिकेट में 10, हजार से ज्याद मुकाबले खेले जा चुके हैं।
कीवी दिग्गज ने दिया जन्म
हालांक, पहला महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2004 में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। यह मेंस और विमेंस टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पहला मैच रहा। 1990 के दशक में न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज मार्टिन क्रो ने क्रिकेट का एक छोटा फॉर्मेट विकसित किया था, जिसे ‘क्रिकेट मैक्स’ कहा जाता था। हालांकि, आधिकारिक नियम इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड द्वारा तय किए गए थे। बाद में यही टी20 के नाम से फेमस हुआ।






































