मांडू, (धार), Mandu Utsav 2021। पर्यटन नगरी मांडू में आज से तीन दिवसीय मांडू उत्सव की शुरुआत हो गई है। पहले दिन सुबह पहुंचे सैलानियों ने आउटडोर एक्टिविटीज में हिस्सा लिया। यहां फॉसिल्स पार्क पर एडवेंचर स्पोर्ट्स की भी शुरुआत हुई। कलेक्टर आलोक सिंह ने अपनी पत्नी के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स के तहत एटीवी बाइक पर सवारी की और पूरे परिसर का राउंड लगाया। उन्होंने यहां उपस्थित सैलानियों से भी चर्चा की। इसके बाद कलेक्टर सिंह ने अपने परिवार के साथ यहां उपस्थित सैलानियों को फॉसिल्स पार्क की खूबियों के बारे में भी जानकारी देते हुए उन्हें शाम 4 बजे होने वाले उद्घाटन सत्र में शामिल होने की बात कहीं।
फूड कोर्ट में क्वालिटी का लिया जायजा, पर्यटकों की तरह लिया व्यंजनों का मजा
कलेक्टर आलोक सिंह ने दोपहर एक बजे सागर किनारे बने फूड कोर्ट का फीता काटकर मांडू उत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। यहां उन्होंने प्रत्येक स्टाइल पर पहुंचकर फूड क्वालिटी का अवलोकन किया। ठंडी जलेबी देख कहां भाई इसे हटाकर नई जलेबी लगाओ। गर्म कचोरी का आनंद भी उन्होंने अपनी पत्नी-पुत्र, जिला पंचायत के सीईओ आशीष वशिष्ठ, एडीएम सलोनी सीडाना के साथ फूड कोर्ट में बैठकर आम पर्यटकों के साथ लिया।
महलों में जाकर पर्यटकों को मांडू उत्सव का दिया न्योता
कलेक्टर आलोक सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मांडू के ऐतिहासिक जहाज महल जाकर वहां सैलानियों से मिलकर उन्हें मांडू उत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी। मांडू उत्सव में दिनभर और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया। यहां कई सैलानियों के साथ कलेक्टर ने फोटोग्राफ्स भी खींचवाए।