रतलाम के जावरा थाना क्षेत्र में स्थित देवस्थल हुसैन टेकरी से छह माह के मासूम को चुराकर भागे महिला-पुरुष को शिवपुरी पुलिस ने पूरनखेड़ी टोल टैक्स पर वाहन चेकिंग लगाकर पकड़ लिया। बच्चा सकुशल है, उसे व आरोपियों को रतलाम पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।रतलाम और शिवपुरी पुलिस के समन्वय से 22 घंटे में वारदात खुली: सागर निवासी साहिल खान व उसकी पत्नी शाहीन खान बच्चे के साथ बाबा की दरगाह पर ही रुके थे। 4-5 जून की दरम्यानी रात सोते समय सुबह लगभग चार बजे बच्चा चोरी कर लिया गया। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी खंगालना शुरू कर दिए तो पता चला कि एक महिला पुरुष बच्चे को लेकर रतलाम, उज्जैन होते हुए इंदौर गए हैं।










































