बिना विज्ञापन, परीक्षा और साक्षात्कार के नई भर्ती कराने का आरोप, रोक लगाने की मांग
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। ग्राम पंचायतों में शासन की मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के तहत होने वाले निर्माण कार्यों, स्कूलों में बन रहे मध्यान्ह भोजन सहित अन्य कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण (भौतिक, मौखिक सत्यापन तथा आय-व्यय दस्तावेजों का परीक्षण) करने वाले ग्राम सामाजिक एनीमेटरों (व्हीएसए) ने नई भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर सोमवार को जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर सीईओ को ज्ञापन सौंपा। वहीं मांगे पूरी नही होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन के माध्यम से लालबर्रा विकासखंड में पदस्थ ग्राम सामाजिक एनीमेटरों ने जिला सामाजिक संपरीक्षा समिति जिला पंचायत बालाघाट पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उनका कहना है कि विगत वर्षों से जमीनी स्तर पर कार्यरत अनुभवी मनरेगा एनीमेटरों की उपेक्षा की जा रही है। एनीमेटरों के अनुसार उन्हें न तो पूरे वर्ष नियमित रोजगार मिल पा रहा है और न ही वित्तीय वर्ष २०२४-२५ का मानदेय अभी तक प्राप्त हुआ है, इसके बावजूद बिना विज्ञापन, बिना परीक्षा और बिना साक्षात्कार के नये व्हीएसए के चिन्हांकन व भर्ती की प्रक्रिया चलाई जा रही है। वहीं एनीमेटरों ने यह भी आरोप लगाया कि वे पिछले ६ वर्षों से अधिक समय से शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं, लेकिन समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। अब बिना किसी पारदर्शी प्रक्रिया, विज्ञापन, परीक्षा या साक्षात्कार के सीधे मनोनयन किये जाने से मौजूदा अनुभवी और सक्रिय एनीमेटरों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ग्राम सामाजिक एनीमेटरों (व्हीएसए) ने प्रशासन से नई भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाये जाने, लंबित मानदेय का निराकरण किये जाने और वर्तमान में कार्यरत एनीमेटरों का भविष्य सुरक्षित किये जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई और नई भर्ती नहीं रोकी गई, तो जिला स्तर पर सभी ग्राम सामाजिक एनीमेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी समस्त जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।






































