आज के समय में स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट, सोशल मीडिया, ऑफिस का काम और मनोरंजन—लगभग हर काम फोन से ही होता है। अगर आपके पास स्मार्टफोन है तो आपके लिए काम की खबर है। क्या आपको याद है कि आपने अपना स्मार्टफोन आखिरी बार कब रीस्टार्ट किया था? ज्यादातर लोग तब तक फोन बंद या रीस्टार्ट नहीं करते, जब तक उसमें कोई दिक्कत न आने लगे। कई बार फोन धीमा चलने लगता है या हैंग होने लगता है, लेकिन सिर्फ एक बार रीस्टार्ट करने से वह फिर से सामान्य तरीके से काम करने लगता है।
ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आजकल ज्यादातर लोग अपने स्मार्टफोन को कई दिनों, हफ्तों या कभी-कभी महीनों तक लगातार ऑन रखते हैं। इस दौरान फोन में कई ऐप्स, नोटिफिकेशन, बैकग्राउंड प्रोसेस और सिस्टम सर्विसेज लगातार चलती रहती हैं। समय के साथ इनका असर फोन की स्पीड और परफॉर्मेंस पर पड़ सकता है। इसलिए टेक एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि बेहतर प्रदर्शन के लिए समय-समय पर अपने स्मार्टफोन को रीस्टार्ट करते रहना चाहिए।
आखिर फोन को रिस्टार्ट करना क्यों जरूरी है?
जब आप लंबे समय तक फोन को बिना बंद किए लगातार इस्तेमाल करते हैं, तो कई ऐप्स बैकग्राउंड में चलते रहते हैं। इससे फोन की RAM और सिस्टम संसाधनों पर दबाव बढ़ता है। समय के साथ फोन स्लो होने लगता है, ऐप्स हैंग होने लगते हैं और बैटरी जल्दी खत्म होने लगती है। जब आप फोन को रीस्टार्ट करते हैं तो उससे छोटे-मोटे बग्स भी खत्म हो जाते हैं।
कितने दिन में एक बार फोन रिस्टार्ट करना चाहिए?
टेक एक्सपर्ट्स की सलाह है कि सामान्य उपयोग करने वाले लोगों को सप्ताह में कम से कम एक बार अपने स्मार्टफोन को रिस्टार्ट जरूर करना चाहिए। वहीं, अगर आप लगातार गेमिंग करते हैं, भारी ऐप्स इस्तेमाल करते हैं या फोन का उपयोग पूरे दिन करते हैं, तो हर 2–3 दिन में एक बार रिस्टार्ट करना बेहतर माना जाता है।
एक छोटी गलती पहुंचा सकती है बड़ा नुकसान
कई लोग फोन की बैटरी खत्म होने तक उसे लगातार चलाते रहते हैं और कभी रिस्टार्ट नहीं करते। इससे सिस्टम में जमा होने वाली अस्थायी गड़बड़ियां बढ़ सकती हैं। कुछ मामलों में ऐप्स सही तरीके से काम नहीं करते, नोटिफिकेशन आना बंद हो सकते हैं, नेटवर्क संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं और फोन पहले से ज्यादा स्लो महसूस होने लगता है।
कब तुरंत रिस्टार्ट करना चाहिए?
- फोन अचानक बहुत स्लो हो जाए।
- कोई ऐप बार-बार क्रैश हो रही हो।
- इंटरनेट या नेटवर्क में बार-बार समस्या आ रही हो।
- फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा हो।
- नया सॉफ्टवेयर अपडेट इंस्टॉल करने के बाद।
- लंबे समय से फोन बंद या रिस्टार्ट न किया हो।
क्या रोज रिस्टार्ट करना जरूरी है?
रोजाना फोन रिस्टार्ट करना जरूरी नहीं है। अगर आपका फोन सामान्य रूप से काम कर रहा है, तो सप्ताह में एक बार रिस्टार्ट करना अधिकांश लोगों के लिए पर्याप्त होता है। हालांकि, यदि किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने आती है, तो सबसे पहला और आसान समाधान फोन को रिस्टार्ट करना ही माना जाता है।













































