अमेरिका में गन कल्चर और गोलीबारी की घटनाएं काफी सामान्य रही हैं। देश के अलग-अलग शहरों से मास शूटिंग के वाकये हुए हैं। स्कूलों में भी गोलाबारी हो चुकी है।वॉशिंगटन: अमेरिका के फ्लोरिडा स्टेट में भीड़ पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी के होमकमिंग वीकेंड के दौरान तल्लाहासी में फुटबॉल स्टेडियम के पास गोलीबारी की घटना हुई। यह घटना एक फुटबॉल मैच के बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई। इस दौरान 11 लोगों को गोली लगने की बात सामने आई है। स्थानीय प्रशासन ने कम से कम 12 घायलों को अस्पताल ले जाए जाने की पुष्टि की है, जिनमें छह बच्चे शामिल हैं।
तल्लाहासी पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय एजेंसी मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने एक बयान में कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि गोलीबारी से पहले वहां कोई झगड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, घायलों में से 11 लोगों को गोली लगी है। इनमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि गोलीबारी उसकी इमारत के पास हुई लेकिन कैंपस सुरक्षित है।अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम के पास शनिवार देर रात अंधाधुंध गोलीबारी से पहले एरिजोना के एक व्यस्त एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिक्ट में आधी रात को हुई गोलीबारी में 9 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने जवाबी गोलाबारी में शूटर को मार गिराया था।
इसी महीने, 9 अक्टूबर को पेंसिल्वेनिया के एरी शहर में रिहाइशी इलाके में भीषण गोलीबारी में दो बच्चों सहित 9 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना में संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। इससे पहले टेनेसी में एक पार्क में एकत्रित भीड़ पर कार में सवार हमलावरों ने राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी।अमेरिका में हिंसक घटनाएं लंबे समय से शासन-प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बनती रही हैं। हाल ही में शिकागो के पास ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पर एक बड़े हमले की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम किया था। पुलिस ने 19 वर्षीय अलेक्जेंड्रोस पपोराकिस को गिरफ्तार करते हुए राइफल और दूसरे हथियार बरामद किए थे।










































