नई दिल्लीः “आपको बीजेपी में कैसा लगता है?” बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी का कहना है कि यह सवाल उनसे अक्सर पूछा जाता है। एक मीडिया बातचीत में जब उनसे यही सवाल किया गया तो उन्होंने अपने राजनीतिक सफर, बीजेपी में अपनी मौजूदा भूमिका और मुस्लिम महिला के तौर पर पार्टी में अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनसे यह सवाल लगभग हर दिन पूछा जाता है कि बीजेपी में उन्हें कैसा लगता है और वह अपना राजनीतिक भविष्य कहां देखती हैं।
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर शाजिया इल्मी ने कहा कि उन्होंने कभी अपना फ्यूचर तय नहीं किया, क्योंकि भविष्य अल्लाह तय करता है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के गठन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वह पार्टी बनी थी, तब किसी को भी अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ होने वाला है। उनके मुताबिक, वह जहां भी रहीं, उन्होंने 100 फीसदी काम किया और बीजेपी में भी वह पूरी मेहनत से काम कर रही हैं।








































