नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई टी20 और वनडे सीरीज के हर मुकाबले में नजर आए। अमूमन मीडिया और लाइम लाइट से दूरी बनाने वाले माही का निरंतर दिखना कुछ संकेत लेकर आया है। क्रिकेट के गलियारों में बातें टहल रहीं हैं कि धोनी का इंग्लैंड में हर मैच में पहुंचना स्टेडियम तक सीमित नहीं है। वह आने वाले दिनों में भारतीय ड्रेसिंग रूम में एंट्री कर सकते हैं, ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं।
टीम इंडिया में कुछ बड़ा होने वाला है?
टीम इंडिया के मौजूदा टीम मैनेजमेंट पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ब्रिटेन दौरे पर भारत को 10 मैच खेलने के बावजूद सिर्फ 1 जीत मिली। इंग्लैंड से हार फिर भी पचाई जा सकती है, लेकिन आयरलैंड से 2 मैचों की सीरीज 0-2 से हार जाना शर्मनाक और समझ से परे है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद कोचिंग स्टाफ से रयान टेन डोशेट और मोर्ने मोर्कल की विदाई होने वाली है। ऐसा मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है।
साथ ही गौतम गंभीर की कुर्सी भी खतरे में मानी जा रही है। उनके कार्यकाल में भारत को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड से घर पर टेस्ट सीरीज में हार मिल चुकी है। इस बीच एमएस धोनी का हर मुकाबले में नजर आना महज एक इत्तेफाक नहीं लगता है। अगर निकट भविष्य में गंभीर पर एक्शन की नौबत आई तो माही को ड्रेसिंग रूम में जिम्मेदारी मिलने की संभावनाएं प्रबल हैं। अगर ऐसा नहीं भी होता है तो उनको मेंटर बनाया जा सकता है। हालांकि इस मामले को लेकर आधिकारिक रूप से कुछ भी कहा नहीं जा सकता है।










































