अशोकनगर: देशभर में चीनी (शक्कर) के पिछले कुछ दिनों में बढ़े दामों ने आम जनता की जेब पर भारी असर डाला है, जिसे लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की तैयारी में जुटा है। इस बीच, मध्य प्रदेश सरकार के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला का शक्कर की महंगाई पर एक ऐसा तर्क सामने आया है, जिसने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है। अशोकनगर पहुंचे मंत्री जी ने महंगाई जैसे आम जनता से जुड़े गंभीर मुद्दे को राष्ट्रवाद और देश की सुरक्षा से जोड़ते हुए ऐसा बयान दिया, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है।
पीएम और सीएम कर रहे चिंतन
यह पूरा मामला रविवार का है, जब मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अशोकनगर जिले के दौरे पर पहुंचे थे। शहर में ज्वेलर्स कंपनी के कार्यक्रम और सोने-चांदी के आभूषणों की प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान मीडिया ने उनसे देश में पिछले कुछ दिनों में चीनी के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर सवाल किया।
इस पर मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि जनता को धैर्य रखना चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री इस पर गहन चिंतन कर रहे हैं और निकट भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या रक्षाबंधन के त्योहार पर आम जनता को महंगाई से कोई राहत मिलेगी, तो मंत्री जी मुस्कुराते हुए टाल गए और कहा कि वे इस पर भोपाल जाकर गंभीरता से चर्चा करेंगे।
‘कांग्रेस क्या चाहती है, यह विषय नहीं’
जब पत्रकारों ने मंत्री से पूछा कि बढ़ते दामों को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है और सरकार को घेर रहा है, तो उन्होंने विपक्ष पर कड़ा पलटवार किया। मंत्री राकेश शुक्ला ने दो टूक शब्दों में कहा कि आज देश में वंदे मातरम और युवाओं को रास्ते से भटकाने जैसे गंभीर विषय चल रहे हैं, साथ ही दुनिया में युद्ध के हालात भी बने हुए हैं, जो महंगाई के बड़े कारण हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्या कहती है यह कोई विषय नहीं है। महंगाई और देश की तुलना करते हुए उन्होंने अजीब तर्क दिया कि जितना जरूरी शक्कर का मुद्दा है, उतना ही जरूरी ‘वंदे मातरम’ भी है, क्योंकि जब देश सुरक्षित रहेगा तभी हम सब बचेंगे।










































