पदमेश न्यूज़, बालाघाट।कलेक्ट्रेट गेट पर धरना प्रदर्शन आंदोलन करने, और कथित तौर पर कार्यालय गेट पर ताला जड़ने वाले आम आदमी पार्टी के प्रदेश सँयुक्त सचिव मनोज पमनानी पिछले 2 दिनों से जिला जेल में बंद है। जहां सॉल्वेंसी प्रमाण पत्र जमा ना होने पर दूसरे दिन भी पमनानी को जमानत नहीं मिल पाई अब इस मामले में आम आदमी पार्टी भी खुलकर पमनानी के समर्थन में आ गई है और उन्होंने इस पूरे मामले पर प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए, जानबूझकर मनोज पमनानी को परेशान करने और जमानत नहीं दिए जाने का आरोप लगाया है, तो वहीं उन्होंने इस मामले में गुरुवार को सॉल्वेंसी पेश करने के बाद भी किसी अन्य प्रकार का बहाना बनाने और जमानत देने से इनकार करने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन किए जाने की भी चेतावनी दी है। जिसकी तमाम जानकारी बुधवार की देर शाम नगर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में आम आदमी पार्टी पदाधिकारी द्वारा दी गई है। इस दौरान आम आदमी पार्टी जिला इकाई के साथ-साथ जिला सिवनी की इकाई के भी पदाधिकारी सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जिन धाराओं के तहत मामला दर्ज है, उसमें सॉल्वेंसी की जरूरत ही नहीं पड़ती
आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पदाधिकारी ने बताया कि नगर के आकाशवाणी दुग्ध डेयरी समीप करीब 20 वर्षो से बसे झुग्गीवासियों को राजस्व विभाग द्वारा हटाने बुलडोजर कार्यवाही की जानी थी। जिसके चलते बारिश में उनका मकान न तोड़े जाने व 6-7 माह की मोहलत दिए जाने की मांग को लेकर आप पार्टी के पदाधिकारी मनोज पमनानी द्वारा झुग्गीवासियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया गया वही प्रशासन द्वारा सुनवाई न करने पर कलेक्ट्रेट गेट की तालाबंदी की गई। इस मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी की गई है। लेकिन मनोज पमनानी को एसडीएम न्यायालय द्वारा जमानत नहीं दी जा रही है वही तहसील कोर्ट में जमानत के लिए सॉल्वेंसी की मांग की गई है। आप पार्टी के पदाधिकारियों व लीगल एडवाईजर ने कहा कि जिन धाराओं के तहत मनोज पमनानी पर कार्यवाही की गई है उसमें सॉल्वेंसी की आवश्यकता नहीं पड़ती है।लेकिन जानबूझकर उन्हें जेल में बंद रखने की मंशा से जमानत नहीं दी जा रही है। जिसकी पार्टी कड़ी निंदा करती है।
सत्ता के दबाव में काम कर रहा प्रशासन,
आप पदाधिकारियो ने बताया कि प्रशासन द्वारा बारिश के समय किसी गरीब का घर तोड़ा जा रहा है। जिसके विरोध में आप पार्टी के पदाधिकारी मनोज पमनानी झुग्गीवासियों के समर्थन में गरीब झुग्गीवासियों को मकान खाली करने 6-7 माह की मोहलत की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सांकेतिक रूप से विरोध करते हुए कलेक्ट्रेट गेट का ताला बंदी की गई। लेकिन एसडीएम द्वारा आप पार्टी नेता के साथ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया। आप पार्टी के पदाधिकारी मनोज पमनानी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में कार्य कर रहा है।पुलिस द्वारा मनोज पमनानी को सुबह 10 बजे थाना लाया गया और पार्टी के साथियों को आश्वासन दिया गया कि उन्हें शाम 7 बजे तक छोड़ दिया जाएगा। जब 7 बजे तक हम इंतजार करते रहे उसके बाद बोला गया कि एसडीएम साहब ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने कहा गया है। जब हमारे साथी किस तरह की धारा लगी है एफआईआर क्या है लेकिन पुलिस द्वारा इस बारे में कुछ नहीं बताया गया। बाद में हमें पता चला कि 170, 126(बी) और 135(3) बीएनएस के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
तो कोर्ट में लगाएंगे याचिका, होंगा आंदोलन-
आप जिलाध्यक्ष शिव जायसवाल,पदाधिकारी दुर्गेश बिसेन और लीगल एडवाइजर निर्दोष बिसेन ने बताया कि 8 तारीख की यह घटना थी, जबकि पमनानी को 9 जून की शाम तहसील न्यायालय में पेश किया गया। जबकि नियम है कि पुलिस को 24 घंटे के अंदर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाना था। लेकिन पुलिस जिला प्रशासन से मिली हुई है। जब हमारे अधिवक्ता द्वारा जमानत के लिए आवेदन लगाया गया तो जमानत के लिए सॉल्वेंसी मांगी गई और उनकी जमानत खारिज कर दी गई। जबकि इस धारा में सॉल्वेंसी की जरूरत नहीं पड़ती है। हमारे द्वारा जमानत के लिए जमीन की पट्टी पावती पेश की गई। उसमें भी जमानत नही मिली।उन्होंने आगे बताया कि अब हमारे द्वारा सॉल्वेंसी की व्यवस्था की जा रही है। जमानत के लिए गुरुवार को सॉल्वेंसी पेश की जाएगी, उसके बाद भी यदि जमानत नहीं मिलती तो हमारे द्वारा न्यायालय की शरण ली जाएगी, वही इसके खिलाफ पार्टी द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान रजनीश नायडू आप पार्टी स्टेट कोऑर्डिनेटर, अधि. दुर्गेश विश्वकर्मा प्रदेश संयुक्त सचिव, प्रफुल्ल बिठले जिला प्रवक्ता सिवनी, शशिकांत राय जिला यूथ विंग अध्यक्ष सिवनी, गिरीश श्रीवास्तव जिला सहसचिव सिवनी, शिव जायसवाल जिलाध्यक्ष बालाघाट, मस्तराम डाहारे जिलाध्यक्ष ग्रामीण बालाघाट, अनिल ब्रम्हे जिला सचिव, निर्दोष बिसेन जिलाध्यक्ष लीगल विंग सहित अन्य पदाधिकारी सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
00000000000000000000000000000000










































