पहली पत्नी के होते हुए दूसरी को ब्‍याह रचाकर घर ले आया, प्रकरण दर्ज

0

कमला नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पहली शादी के 12 साल बाद दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी ऐसी स्थिति में, जब पहली पत्नी उसके साथ रहती है। इतना ही नहीं, उन दोनों के तीन बच्चे भी हैं। दूसरी शादी के बाद उसने पहली पत्‍नी को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया और घर से निकलने के लिए दबाव बनाने लगा। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

कमला नगर पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महिला शबरी नगर में परिवार के साथ रहती है। उसने पुलिस को बताया कि 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। उसका पति मनोज मालवीय मजदूरी करता है। शादी के बाद से सब कुछ ठीक चल रहा था। अचानक दो महीने पहले उसका पति मजदूरी करते समय संपर्क में आई एक अन्य महिला को घर ले आया और बताया कि दोनों में मंदिर में शादी कर ली है। अब वह उस महिला को भी घर में साथ ही रखता है।पीडि़ता ने आगे कहा कि दूसरी महिला से शादी करने के बाद अब पति उसका और बच्चों का खर्च भी वहन नहीं करता। जब भी खर्च के लिए पैसे की मांग करती हूं तो मारपीट कर बच्चों सहित घर छोड़कर भाग जाने के लिए दबाव बनाता है। ऐसा नहीं करने पर आए दिन मारपीट करता है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी करने को अवैध मानते हुए विभिन्न धाराओं के तहत मनोज मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जल्दी ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपित काफी दिनों से इसी मामले को लेकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी कर रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here