पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (West Bengal Election Result 2026) के नतीजे आने के बाद भी हिंसक झड़पों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के नैजाट इलाके में हुई भीषण हिंसा में थाना प्रभारी समेत पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने एक बार फिर राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस टीम पर घर के अंदर से चली गोलियां
घटना नैजाट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले राजबाड़ी इलाके की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वहां दो गुटों के बीच हिंसक झड़प की सूचना मिलने पर नैजाट थाना प्रभारी भरत प्रसून कर पुलिस टीम और केंद्रीय बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे थे। जैसे ही टीम वहां पहुंची, कथित तौर पर एक घर के भीतर से उपद्रवियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में थाना प्रभारी के पैर में गोली लगी और एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया। हमले में कुल तीन पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के दो जवान जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए कोलकाता के चित्तरंजन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।










































