बार-बार बालाघाट-सिवनी फोरलेन निर्माण की घोषणा,

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से गुजरे बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग के फोरलेन निर्माण को लेकर शासन-प्रशासन के रवैये से स्थानीय जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस बदहाल सडक़ के निर्माण के लिए पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा घोषणा की जा चुकी है और राशि स्वीकृत होने की बात भी कही गई थी। लेकिन धरातल पर अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। हद तो तब हो गई जब बुधवार को सिवनी आगमन पर मुख्यमंत्री द्वारा पुन: इसी बालाघाट-सिवनी फोरलेन निर्माण कार्य की घोषणा की गई। इस तरह इस मार्ग के लिए केवल घोषणाओं का दौर चल रहा है, जबकि जमीनी हकीकत शून्य बनी हुई है। बार-बार की जा रही इन खोखली घोषणाओं से राहगीरों और ग्रामीणजनों में शासन-प्रशासन के प्रति भारी रोष है।

बरसात शुरू होते ही बढ़ीं मुश्किलें, जिम्मेदार मौन

मानसून की शुरूआत होते ही बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल हो गया है। सडक़ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्डे बन गये हैं, जिससे आवागमन करने वालों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे हैरत की बात यह है कि इस मार्ग से रोजाना क्षेत्र के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद किसी को भी मार्ग की यह बदहाली नजर नहीं आ रही है। राहगीरों एवं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का यह मौन रवैया है जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

गड्डों में तब्दील हुआ व्यस्त मार्ग, स्कूली बच्चे हो रहे चोटिल

लालबर्रा मजार से लेकर सर्राटी नदी मानपुर पुल के बीच का हिस्सा सबसे अधिक व्यस्त और ट्रैफिक वाला क्षेत्र है। वर्तमान में इस मार्ग के बीच में जगह-जगह जानलेवा गड्डे बन चुके है। वहीं बारिश के कारण इन गड्डों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता। इसके चलते आये दिन स्कूली बच्चे और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हर समय बड़ी दुर्घटना होने की संभावनी बनी हुई है। वहीं क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व इस फोरलेन निर्माण की घोषणा की गई थी और कई राजनेताओं ने इसका श्रेय लेने की होड़ भी मचाई थी, परंतु काम आज तक शुरू नहीं हुआ। सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, उसे पूरा करने की इच्छाशक्ति गायब है। पुन: एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बुधवार को सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में बालाघाट से सिवनी फोरलेन निर्माण की घोषणा की गई है। अब देखना है कि बालाघाट-सिवनी फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य शुरू होता है या फिर घोषणा तक ही सीमित रह जाता है। क्षेत्रीयजनों ने शासन-प्रशासन से सडक़ निर्माण की घोषणा की गई है तो उसे जल्द प्रारंभ करवाने की मांग की है ताकि खस्ताहाल मार्ग से आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।

इन प्रमुख स्थानों पर बने हैं ‘यमदूत’ रूपी गड्डे

लालबर्रा मुख्यालय के सिवनी मार्ग स्थित माँ सतबहनी मंदिर प्रवेश गेट के सामने, सेंट्रल बैंक के सामने, मुख्य बस स्टैंड और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के आगे मुख्य मार्ग के बीच तथा किनारों पर बड़े-बड़े जानलेवा गड्डे बन गये है। वहीं बारिश होने पर इन गड्डों में जलभराव और पटरियों के किनारे भारी कीचड़ होने से पैदल चलना भी दूभर हो गया है। लंबे समय से मजार के पास, सैंट्रल बैंक और बस स्टैंड के सामने बने इन गड्डों की मरम्मत करवाने की मांग की जा रही है। लेकिन सडक़ विभाग एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारी कोई ध्यान नही दे रहे है। इस तरह से प्रशासन की उदासीनता के चलते किसी भी समय बड़े हादसे हो सकते है। स्थानीयजनों, व्यापारियों और राहगीरों ने शासन-प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि फोरलेन निर्माण जब होगा तब होगा, लेकिन वर्तमान में बने इन जानलेवा गड्डों का जल्द डामरीकरण और मरम्मत कार्य करवाये ताकि आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।

बाईट – १ रवि अग्रवाल समाजसेवी – लालबर्रा।
२ मनीष कुशवाहा जिलाध्यक्ष – पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी लालबर्रा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here