कोविड सेंटर में डेढ़ लाख की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग की भी भूमिका आई सामने,

0

कोतवाली पुलिस ने सरकारी कोविड सेंटर में हुई करीब डेढ़ लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी 28 ऑक्सीजन सिलेंडर, एक एयर कंडीशनर (एसी) और एक एलईडी टीवी बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने कोतवाली थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।

नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने बताया कि सीएमएचओ कार्यालय में फार्मासिस्ट ग्रेड-01 के पद पर पदस्थ विनोद कुमार कामड़े द्वारा 24 जून की दरमियानी रात डीमरटोला बूढ़ी स्थित शासकीय कोविड सेंटर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने कोविड सेंटर के पीछे लगे लोहे के गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और वहां रखे 28 बी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर, हायर कंपनी का एक एसी तथा एक एलईडी टीवी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को कोविड सेंटर के कैमरों से सीमित जानकारी मिली, लेकिन आसपास सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। प्रेस वार्ता में नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी समीर अली ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल के माध्यम से कई बार आना-जाना कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए 28 ऑक्सीजन सिलेंडरों, जिनकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक थी, उन्हें मरारी मोहल्ला निवासी कबाड़ी दामोदर प्रसाद पाठक को मात्र 14 हजार रुपये में बेच दिया गया। वहीं चोरी किया गया एसी और एलईडी टीवी आरोपी ने अपने पास ही छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में समीर पिता शकील अली (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-1, बालाघाट तथा दामोदर प्रसाद पिता परमानंद पाठक (54 वर्ष), निवासी मरारी मोहल्ला, बालाघाट को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में शामिल नाबालिग बालक को भी विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी ने बताया कि कोविड सेंटर में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। परिसर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे थे, लेकिन उनसे सीमित मदद मिली। हालांकि आसपास के कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी दामोदर पाठक के खिलाफ भी चोरी का सामान खरीदने एवं अपराध में सहयोग करने के आरोप में विधि अनुसार कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here