ब्यूनस आयर्स: लियोनेल मेसी ने पिछले महीने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान किया था। फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना को स्पेन के खिलाफ हार मिली थी। स्टार स्ट्राइकर मेसी संन्यास के बाद अब छह अक्टूबर को अर्जेंटीना की तरफ से विदाई मैच खेल सकता है। क्लब स्तर पर इंटर मियामी की तरफ से खेल रहे 39 वर्षीय मेसी को घरेलू इंटरनेशनल फ्रेंडली मैचों के लिए अर्जेंटीना की 28 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
लियोनेल मेसी ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है कि वह टीम में शामिल होंगे या नहीं, लेकिन अर्जेंटीना फुटबॉल के प्रमुख ने कहा कि इस दिग्गज खिलाड़ी ने छह अक्टूबर को ब्यूनस आयर्स में बेनिन के खिलाफ होने वाले मैच के लिए निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, जिससे वह शानदार तरीके से अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह सकें।
अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया ने कहा, ‘सीनियर राष्ट्रीय टीम के कोच लियोनेल स्कालोनी के साथ बातचीत के बाद हमने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, हमारे आदर्श, हमारे कप्तान लियोनेल मेसी को आमंत्रित करने का फैसला किया, ताकि उन्हें छह अक्टूबर को वह विदाई मिल सके जिसके वे हकदार हैं।’
मेस्सी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने 2022 में विश्व कप का खिताब जीता था जबकि टीम 2026 में उपविजेता रही थी। इसके बाद इस स्टार खिलाड़ी ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। मेसी की कप्तानी में ही अर्जेंटीना ने 2022 में कतर में हुए फीफा विश्व कप का खिताब जीता था।






































