ज्यादा वक्त नहीं बीता है, जब पिछले साल दिग्गज एक्टर मुकेश खन्ना ने कॉमेडियन समय रैना के लिए भरदम जहर उगला था। कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद टीवी के ‘शक्तिमान’ मुकेश खन्ना इस हद तक खफा थे कि उन्होंने ‘समय रैना का मुंह काला कर, गधे पर बिठाने’ तक की बात कही थी। लेकिन अब इसे वक्त का तकाजा कहें या कुछ और, वही मुकेश खन्ना अब समय रैना के साथ एक मोबाइल फोन विज्ञापन में नजर आ रहे हैं। वो भी तब, जब शनिवार को ही समय ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ के साथ धमाकेदार वापसी की है। अब इंटरनेट की दुनिया तो ऐसी है, जहां बरसों पुरानी बात भी खोदकर निकाल ली जाती है, फिर ये तो सालभर पुराना मामला है। जाहिर है, 67 साल के मुकेश खन्ना को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। उन्हें ‘पाखंडी’, ‘पैसों के लिए कुछ भी कर सकते हैं’, ‘ये कैसा शक्तिमान है’ जैसे कमेंट्स से लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है।
स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ऐड शेयर किया, जिसमें मुकेश खन्ना भी हैं। उन्होंने इसे शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘अंधेरा कायम नहीं रहता।’ जबकि वीडियो में दिखाया गया है कि समय फोन पर किसी से बात कर रहे हैं। वह कह रहे हैं, ‘अरे थैंक्स यार। हां, शो तो वापस आ रहा है अभी। कहते हैं ना अंधेरा कायम नहीं रहता।’ तभी तेज हवाएं चलती हैं और मुकेश खन्ना ‘शक्तिमान’ की तरह एंट्री लेते हैं।










































