सोशल मीडिया बनी सहारा

0

बालाघाट।

लालबर्रा-सिवनी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मिले अज्ञात युवक की आखिरकार पहचान हो गई। युवक की पहचान रोहित पिता सूरजलाल पटले 31 वर्ष ग्राम रटेगांव थाना लालबर्रा। निवासी के रूप में हुई है। परिजन जिला अस्पताल पहुंचकर युवक को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर ले गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जून की सुबह लालबर्रा-सिवनी रोड स्थित सिहोरा नाला के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल एवं बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला था। उसके पास एक स्कूटी भी खड़ी हुई थी। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा में भर्ती कराया गया था।प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिये थे।लेकिन परिजनों का पता नहीं चल पाने के कारण उसका उपचार जिला अस्पताल में ही जारी था। इधर जिला अस्पताल पुलिस द्वारा इस युवक के परिजनों की तलाश करने का प्रयास किया जा रहा था जिन्होंने आसपास के गांव के अलावा थानों को भी सूचित किए थे।इसी बीच पद्मेश न्यूज़ द्वारा घायल अज्ञात युवक के संबंध में समाचार एवं फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। सोशल मीडिया में खबर वायरल होने के बाद युवक को पहचानने वाले परिचितों ने उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई।सूचना मिलने पर रात्रि में परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायल युवक की पहचान रोहित पटले के रूप में की। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर लेकर रवाना हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया और मीडिया की तत्परता की सराहना की जिसकी मदद से एक अज्ञात घायल युवक अपने परिवार तक पहुंच सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here