पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा क्षेत्र में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण करने के उद्देश्य से बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे के द्वारा बुधवार को विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके विकास कार्योंका आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल एवं सडक़ अधोसंरचना से संबंधित अनेक परियोजनाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान कई स्थानों पर कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल भी उठाये गये तथा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों एवं ठेकदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस निरीक्षण के दौरान विधायक श्रीमती अनुभा मुंंजारे ने शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा में जहां २ करोड़ २४ लाख की लगात से निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्षों का। लालबर्रा से बोरी पहुंच मार्ग सर्राटी नदी के ऊपर करीब १ करोड़ ७८ लाख रूपये की लागत के निर्माणाधीन पुलिया का भी निरीक्षण किया है। इसी तरह ९ करोड़ ९५ लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा के नवीन भवन का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का गहन अवलोकन करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिये है कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये और निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने निर्देशित किया है। वहीं विधायक श्रीमती मुंजारे ने कहा कि लालबर्रा विकासखंड अंतर्गत ७७ ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण इस स्वास्थ्य केंद्र से लाभान्वित होंगे। नवीन भवन के निर्माण के पश्चात क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी तथा विशेष रूप से महिलाओं को प्रसव संबंधी समस्याओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी कॉम्पलेक्स का किया निरीक्षण
लालबर्रा हाई स्कूल मार्ग पर करोंडों रूपयों की लागत से बना राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी काम्पलेक्स का विधायक श्र ीमती मुंजारे ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हे उपस्थितजनों ने बताया कि राजाभोज काम्पलेक्स का निर्माण वर्ष २०२३ में पूर्ण हो चुका था, लेकिन वर्ष २०२६ तक इसका आवंटन नहीं हो पाया। जिस पर उन्होने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मंडी प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों से पूछा कि आखिर किन कारणों से इतने लंबे समय तक कॉम्पलेक्स का आवंटन नहीं किया गया। जिस पर उन्होने बताया कि शासन स्तर से विलंब हो रहा था किंतु २४ जून को मंडी कॉम्पलेक्स का आवंटन किया गया।
खेल स्टेडियम की स्थिति को देखकर जताई नाराजगी
नगर मुख्यालय से करीब २ किमी दूर ग्राम पंचायत पनबिहरी में वर्ष २०२२-२३ में लगभग ८० लाख रूपये की लागत से ग्रामीण खेल-कूद स्टेडियम का निर्माण किया गया है। लेकिन देख-रेख के अभाव में यह स्टेडियम जीर्णशीर्ण हो चुका है। बुधवार को विधायक श्रीमती मुंजारे ने जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पनबिहरी के खेल स्टेडियम का निरीक्षण किया। जहां की स्थिति को देखकर उन्होने नाराजगी व्यक्त की है। वहीं निरीक्षण के दौरान उन्होने पाया गया कि निर्माण के कुछ वर्षों के अंदर ही खेल मैदान की उपयोगिता लगभग समाप्त हो चुकी है। खेल मैदान में कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं तथा वर्तमान में परिसर में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की बात भी सामने आई। विभाग द्वारा अभी पंचायत को हैंड ओवर भी नहीं किया गया है उसके पूर्व ही उसकी उपयोगिता शून्य हो गई है। इस दौरान विधायक ने कहा कि न तो संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है और न ही निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्तापूर्ण कार्य किया गया है। निरीक्षण में स्पष्ट रूप से पाया गया कि खेल मैदान का निर्माण निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया गया। जिस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक ने शासन से मांग की गई कि खेल मैदान के निर्माण में व्यय की गई राशि की जवाबदेही तय की जाये तथा संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरूध्द कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।










































