नई दिल्ली: शेयर बाजार में सोमवार को तेजी रही। सेंसेक्स और निफ्टी 50 में अच्छी बढ़त रही। इस तेजी के बाद भी कुछ शेयरों में गिरावट देखने को मिली। इन्हीं शेयरों में एक शेयर लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड (Lloyds Metals And Energy Ltd) का है। इस शेयर में सोमवार को बेशक गिरावट रही हो, लेकिन लॉन्ग टर्म में यह पैसा छापने की मशीन साबित हुआ है। इसने निवेशकों के एक लाख रुपये को एक करोड़ रुपये से ज्यादा में बदल दिया है। यानी इस मल्टीबैगर शेयर ने निवेशकों को करोड़पति बना दिया।
सोमवार दोपहर 1 बजे लॉयड मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड का शेयर 0.59% की गिरावट के साथ 1757.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था। पिछले एक महीने में इस शेयर में बड़ा उतार-चढ़ाव रहा है। हालांकि इसके बाद भी इसने एक महीने में निवेशकों को 2 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है।










































