अज्ञात चौपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायललालबर्रा अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर किया गया जिला चिकित्सालय रिफर, जांच में जुटी पुलिस

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा-सिवनी हाईवे मार्ग पर ग्राम कटंगटोला नाला के पास स्थित एक ढाबे के समीप मंगलवार दोपहर एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात चौपहिया वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार युवक-युवती को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये और उस पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये एवं घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जिसके बाद मार्ग से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और तत्काल दोनों घायलों को लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धड़ी (किरनापुर) निवासी २८ वर्षीय उत्तम रहांगडाले, अपने ही गांव की एक २३ वर्षीय युवती के साथ मंगलवार दोपहर करीब २ बजे मोटरसाइकिल से कटंगटोला की ओर से लालबर्रा की ओर आ रहे थे। तभी अज्ञात चौपहिया वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कटंगटोला नाला के आगे ढाबा के पास बाईक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गये। जिनका लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार कर जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है। इस सडक़ दुर्घटना में युवक और युवती दोनों के पैर टूट चुके हैं और शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। दोनों की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है। साथ ही यहां भी बताया जा रहा है कि घायल युवती गल्र्स कॉलेज बालाघाट में पढ़ाई करती है। उत्तम रहांगडाले के साथ वह लालबर्रा की ओर किस काम से आई थी, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात चौपहिया वाहन की पतासाजी के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास के ढाबों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here