साइबर हेल्पलाइन 1930 पर की शिकायत
किरनापुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
बालाघाट/ साइबर ठगों ने अब मोबाइल फोन में सेंध लगाकर बैंक खाते से रकम उड़ाने का नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवगांव में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जहां एक मिस्त्री का मोबाइल अचानक हैंग होने के बाद उसके बैंक खाते से दो बार में कुल 58 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। पीड़ित को जब खाते से रकम निकलने का मैसेज मिला।तब उसे ऑनलाइन ठगी का पता चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवगांव निवासी विशाल फुन्दे 31 मिस्त्री का काम करते हैं। बताया गया कि 4 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे उनका ओप्पो कंपनी का मोबाइल अचानक हैंग होने लगा था। मोबाइल में आई इस तकनीकी समस्या को उन्होंने सामान्य समझा।शाम करीब 7:30 बजे जब विशाल ने अपना मोबाइल चेक किया तो उनके सेंट्रल बैंक खाते से 45 हजार रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज मिला। इसके कुछ ही समय बाद खाते से 13 हजार रुपये और ट्रांसफर होने का संदेश आया। इस तरह कुछ ही समय में उनके खाते से कुल 58 हजार रुपये की रकम निकल गई।
तुरंत 1930 पर की शिकायत
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही विशाल ने तत्काल साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से भी मामले की शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए किरनापुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया है।
मोबाइल हैंग होने की घटना को नजरअंदाज न करें
यह घटना आम मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए भी चेतावनी है। मोबाइल का अचानक हैंग होना, अपने आप स्क्रीन चलना, अनजान ऐप का दिखाई देना, बैंकिंग संबंधी असामान्य मैसेज आना या खाते से बिना अनुमति रकम निकलना साइबर धोखाधड़ी की ओर इशारा कर सकता है।










































