ऑनलाइन या ऑफलाइन बनवा सकते हैं जाति और मूल निवासी प्रमाण पत्र

0

मध्य प्रदेश में जाति, मूलनिवासी और आय प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को आसान कर दिया गया है। आवेदक एमपी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन या लोक सेवा केंद्र पर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के बाद संबंधित अधिकारी कागजों की जांच करने के बाद तय सीमा में डिजिटल प्रमाण पत्र जारी कर देते हैं। पढ़ाई, सरकारी नौकरी और कल्याणकारी योजनाओं के लिए यह दस्तावेज महत्वपूर्ण होते हैं। जाति प्रमाण पत्र ओबीसी, एससी और एसटी के लिए जारी किया जाता है।यह बात अमोघ श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक, लोक सेवा प्रबंधन इंदौर ने हेलो नईदुनिया कार्यक्रम में पाठकों के सवालों के जवाब देते हुए कही। उन्होंने कहा कि आवेदन के समय समग्र आईडी, आधार कार्ड और परिवार के सदस्यों का पूर्व में जारी जाति प्रमाण पत्र या पूर्व में प्रदेश में रहने का रिकॉर्ड देना अनिवार्य है। इसमें एसी एवं एसटी वर्ग के आवेदकों को 1950 का रिकॉर्ड और ओबीसी के लिए 1984 का रिकॉर्ड देना अनिवार्य है। जाति प्रमाण पत्र 30 कार्य दिवस के भीतर जारी हो जाता है।सात दिन में जारी होता है मूलनिवासी प्रमाण पत्र

मध्य प्रदेश का मूल निवासी प्रमाण पत्र यह प्रमाणित करता है कि आवेदक राज्य का स्थायी निवासी है। इसके लिए आनलाइन और आफलाइन दोनों तरह से आवेदन किए जा सकते हैं। आधार कार्ड, समग्र आईडी और एक स्व-घोषणा पत्र देना होता है। सात दिन में दस्तावेज बनाने की समय सीमा है। आय प्रमाण पत्र के लिए आधार, समग्र आईडी और आय का स्व-प्रमाणित घोषणा पत्र देना होता है।

इंदौर में वाट्सअप चैट की सुविधा

इंदौर में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वाट्सअप चैट की सुविधा दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा 9407035437 वाट्सअप नंबर जारी किया गया है। इस पर आवेदक आवेदन और प्रमाण पत्र की प्रक्रिया कर सकते हैं। आवेदकों की समस्याओं का समाधान भी यहां पर किया जाता है। इसके अलावा 181 पर कॉल कर भी आय और मूलनिवासी प्रमाण पत्र बनवाए जा सकते हैं।

बच्चों का 2003 में जाति प्रमाण पत्र बना है और अब पोते का बनवाना है, क्या दस्तावेज लगेंगे? – रमेश धोने, इंदौर

उत्तर :- आधार, समग्र आईडी के अलावा पूर्व में बने जाति प्रमाण पत्र की प्रति लगाकर आवेदन कर सकते हैं।

मूलनिवासी ऑनलाइन बनवाया है, लेकिन पुलिस की नौकरी में दस्तावेज पर सील की मांग की जा रही है? – दीप्ती व्यास, इंदौर

उत्तर :- ऑनलाइन डिजिटल प्रमाण को पोर्टल पर चेक किया जा सकता है, सील की आवश्यकता नहीं है।

मूल निवासी प्रमाण पत्र बनवाना है, इसके लिए कहा आवेदन करना होगा? – राजीवर सिंह, इंदौर

उत्तर – ऑनलाइन या लोक सेवा केंद्र पर दस्तावेज के साथ आवेदन करना होगा।

मूल निवासी प्रमाण पत्र स्कूलों में बनवाए जाना चाहिए, बच्चों को परेशानी होती है? – दीपक हलवे, इंदौर

उत्तर – स्कूल खुलने के दौरान स्कूल स्तर पर प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर लगाए जाते हैं।

बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनाना है, यह कैसे बनाए जा सकते हैं? – सुनिता यादव, इंदौर

उत्तर – लोक सेवा केंद्र से फार्म लेकर जमा करना होगा। वहीं पूर्व में जारी प्रमाण पत्र या रिकॉर्ड देना होगा।

पूर्व में परिवार में किसी का जाति प्रमाण पत्र नहीं बना, ऐसे में कैसे बनाया जा सकता है? – शिवांशी सोनी, इंदौर

उत्तर – परिवार में किसी का जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, तो ओबीसी के लिए 1984 का कोई रिकॉर्ड देना होगा, जिसमें जाति की पुष्टि हो सके।

पुराने जाति प्रमाण पत्र को डिजिटल करवाना है, कैसे किया जा सकता है? – दीपक भनौतियां, इंदौर

उत्तर – इसके लिए पुराने जाति प्रमाण पत्र के साथ आवेदन करना होगा, चार दिन में नया बनकर मिल जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here