‘मेरा डीजे लेकर चला गया’, इंदौर कलेक्टर के सामने युवक ने शरीर पर उड़ेल लिया किरोसिन, फिर उन्होंने बगल में बैठाकर सुनी बातें

0

Indore News: इंदौर कलेक्टर की जनसुनवाई में एक युवक ने अपने ऊपर किरोसिन उड़ेल लिया। इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई। उसका आरोप है कि मैंने एक डीजे लिया था, समय पर पैसे नहीं चुकाए तो वे लोग लेकर चले गएइंदौर: कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक की इस हरकत से जनसुनवाई में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी तुरंत हरकत में आए और उसे पकड़ लिया। समय रहते अधिकारियों के हस्तक्षेप से युवक को आग लगाने से रोक लिया गया।उसने अपने ऊपर कुछ लिक्विड डाल लिया

इंदौर एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान एक आवेदक द्वारा अपने ऊपर कुछ लिक्विड डालने की घटना सामने आई थी। अधिकारियों ने तत्काल युवक को रोक लिया। पूछताछ में सामने आया कि युवक एक वाहन से जुड़े विवाद को लेकर लंबे समय से परेशान था और इसी मामले में अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था।

डीजे का पेमेंट नहीं किया

एसडीएम के मुताबिक, युवक ने 31 जनवरी 2025 को एक परिचित व्यक्ति से करीब 11 लाख 21 हजार रुपए में वाहन मय डीजे खरीदा था। इस सौदे के दौरान युवक ने 2 लाख रुपए का भुगतान किया था। दोनों पक्षों के बीच बाकी राशि का भुगतान आठ महीने में करने को लेकर मौखिक सहमति बनी थी। तय अवधि में युवक की ओर से पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया।

चार महीने का दिया अतिरिक्त समय

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद वाहन बेचने वाले व्यक्ति ने युवक को भुगतान के लिए करीब चार महीने का अतिरिक्त समय भी दिया। इसके बावजूद शेष राशि का भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद दूसरे पक्ष ने वाहन अपने कब्जे में ले लिया। वाहन वापस लिए जाने से नाराज युवक ने मामले को लेकर अलग-अलग स्तर पर शिकायतें कीं। उसने थाने के साथ ही पुलिस कमिश्नर कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन दिया था।

मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचा

मंगलवार को इसी मामले को लेकर युवक जनसुनवाई में पहुंचा और उसने अचानक खुद पर केरोसिन डाल लिया। युवक की हरकत देखते ही वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एसडीएम धनगर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दो पक्षों के बीच वाहन की खरीद-बिक्री और भुगतान को लेकर हुए मौखिक करार का विवाद सामने आया है। फिलहाल प्रशासन ने सिर्फ युवक का पक्ष सुना है। दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया है ताकि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले का उचित निराकरण किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here