अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ईरान के IRGC द्वारा अमेरिकी युद्धपोत पर मिसाइल हमले की कोशिश के बाद अमेरिका ने पांच ईरानी तेल टैंकरों को तबाह कर दिया। इनमें चार ओमान की खाड़ी और एक खार्ग द्वीप के पास था।अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, मंगलवार (स्थानीय समय) को अमेरिकी सेनाओं ने ईरान के पांच कच्चे तेल के टैंकरों को तबाह कर दिया है। यह जवाबी कार्रवाई ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की ओर से अमेरिकी नौसेना के एक युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश के बाद की गई।CENTCOM के अनुसार, IRGC ने पिछले दो दिनों में अमेरिकी युद्धपोत पर दो बार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की। हालांकि, अमेरिकी युद्धपोत ने इन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया और क्षेत्रीय समुद्री क्षेत्र में गश्त जारी रखी। इस हमले में किसी भी अमेरिकी सैनिक या कर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
किन टैंकरों को बनाया गया निशाना?
ईरान के लगातार असफल हमलों का जवाब देते हुए CENTCOM ने ओमान की खाड़ी में IRGC के चार क्रूड ऑयल कैरियर को नष्ट किया। इनमें एम/टी कविज (M/T Kaviz), एम/टी चारमीनार (M/T Charminar), एम/टी होराइजन 1 (M/T Horizon 1) और एम/टी रिस्को (M/T Riesco) शामिल हैं। इसके साथ ही अमेरिकी सेना ने खर्ग द्वीप के पास एम/टी दरिया (M/T Derya) को भी निशाना बनाया। CENTCOM के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने जहाजों पर हमला करने से पहले उनके क्रू को जहाज खाली करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद इन जहाजों को निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया गया।शैडो नेटवर्क के जरिए फंड जुटाता है ईरान
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान इन टैंकरों का इस्तेमाल अरबों डॉलर के एक कथित ‘शैडो नेटवर्क’ के तहत करता है। जिससे मिलने वाले फंड से IRGC और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों को वित्तीय मदद मिलती है। ईरान के पास इन जहाजों की रक्षा करने का कोई साधन नहीं है।
इससे पहले 5 सितंबर को भी अमेरिकी सेना ने तीन ईरानी तेल टैंकरों को नष्ट किया था। CENTCOM के अनुसार, उस कार्रवाई से पहले IRGC ने अमेरिकी विमानवाहक पोत और गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक पोत को निशाना बनाने की कोशिश की थी। CENTCOM ने दावा किया है कि अमेरिकी नौसेना के युद्धपोतों के खिलाफ IRGC के अब तक किए गए सभी हमले विफल रहे हैं।










































