कुछ लोगो ने ग्राम की शासकीय चरागाह भूमि पर किया अतिक्रमण
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव खुर्द में शासकीय चरागाह एवं मरघट की भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने पहुंचा राजस्व अमला बिना कार्यवाही वापस लौट गया। राजस्व न्यायालय के द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए जाने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी । लेकिन वहां विवाद की स्थिति निर्मित होने तथा पुलिस प्रशासन उपलब्ध नहीं होने के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। राजस्व दल ने मौके का पंचनामा तैयार कर बैरंग वापस लौट गया।
अतिक्रमणकर्ता के विरोध पर लौटा था राजस्व अमला
राजस्व विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहगांव खुर्द स्थित भूमि खसरा नंबर २२०/१ रकबा ६.६१८ हेक्टेयर में शासकीय चारागाह में से रकबा क्रमश: ०.०२४ हे., ०.०२४ हे.,०.०१२ हे., ०.००८ हे.,०.०२४ हे. भूमि पर अनावेदकगणों महेश मरठे पिता सुरजलाल मरठे, मुकेश पिता सुरजलाल मरठे, सुजीत मरठे पिता बाबुलाल, रंजीता बावने, राजकुमार मरठे पिता सुरजलाल के द्वारा शासकीय चरागाह भूमि पर मकान की नींव, दीवार,कॉलम गाडक़र तथा झोपड़ी बनाकर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत ग्राम के युवाओं के द्वारा जिला प्रशासन वारासिवनी तहसीलदार सहित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन १८१ पर की गई थी। मामले में नायब तहसीलदार वारासिवनी की अदालत में राजस्व प्रकरण दर्ज कर सुनवाई के बाद २२ जून २०२६ को आदेश पारित किए गए। आदेश में शासकीय चरागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए थे। आदेश में संबंधित अतिक्रमणकारियों के द्वारा किए गए निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्हें भूमि से बेदखल करने की कार्यवाही के निर्देश दिए गए। आदेश के पालन के लिए राजस्व निरीक्षक मेंढक़ी प्रभारी में दल गठित किया गया। जिसमें राजस्व निरीक्षक चंद्रप्रकाश टेंभरे तथा संबंधित हल्का पटवारियों को शामिल किया गया। दल को २४ सितंबर २०२६ की सुबह ११ बजे मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। राजस्व अमला मौके पर पहुंचा लेकिन वहां अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की ओर से कार्यवाही का विरोध किए जाने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग उपलब्ध नहीं होने के कारण राजस्व दल द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ाई जा सकी। इसके बाद स्थिति को देखते हुए राजस्व अमले ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और बिना अतिक्रमण हटाए वापस लौट गया। वहीं मामले में प्रशासन के द्वारा पुलिस बल की उपलब्धता के साथ दोबारा कार्यवाही किये जाने की संभावना जताई जा रही है।
इनका कहना हैं
ग्राम पंचायत मोहगांव खुर्द में कुछ लोगो ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया है। जिसे हटाने के लिए दल गठित किया गया था परंतु मौके पर विरोध एवं विभिन्न कारणो से दल को वापस लौटना पड़ा। पुन: कार्यवाही करने आगामी ३० सितंबर को अतिक्रमण को हटाने के लिए दल का गठन कर दिया गया है।
वंदना कुशराम तहसीलदार वारासिवनी










































