बैंड बाजे के साथ किया नगर भ्रमण, जगह.जगह श्रद्धालुओं ने की आरती
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में २६ सितंबर को १० दिवसीय दसलक्षण पर्युषण महापर्व का धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। महापर्व के समापन अवसर पर दिगंबर जैन समाज के द्वारा भगवान श्री जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला-पुरुष, बच्चे एवं स्वजातीय बंधु शामिल हुए। बैंड.बाजे के साथ निकली शोभायात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया और पुन: दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। महापर्व के समापन अवसर पर प्रात:काल से ही दिगंबर जैन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। श्रद्धालुओं द्वारा श्री जी का अभिषेक, शांतिधारा एवं विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। इसके उपरांत दोपहर में भगवान श्री जी की भव्य पालकी सजाकर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के मंदिर से रवाना होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर दिगंबर जैन पंचायत के पदाधिकारी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
श्री जी की शोभायात्रा दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर गोलीबारी चौक, आंबेडकर चौक, नेहरू चौक एवं जय स्तंभ चौक सहित नगर के विभिन्न मार्गों एवं चौक चौराहों से होकर गुजरी। शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी मार्गों के किनारे खड़े होकर धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं जैन धर्मावलंबियों के द्वारा अपने घरों के सामने शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा श्री जी की आरती उतारकर श्रीफ ल अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख शांति तथा समृद्धि की कामना की। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा वापस दिगंबर जैन मंदिर पहुंची,जहां इसका समापन किया गया। इसके पश्चात पुन: अभिषेक एवं पूजन का आयोजन हुआ।
दस दिनों तक हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
दिगंबर जैन मंदिर में दसलक्षण पर्युषण महापर्व के प्रारंभ से ही प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुरूप प्रतिदिन श्री जी का अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ पूजा अर्चना की गई। इसके पश्चात आरती और प्रवचन का आयोजन हुआ। माताजी ससंघ द्वारा प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, ज्ञान, संयम एवं सदाचार का महत्व बताया गया। महापर्व के दौरान संध्या समय बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें नन्हे.मुन्ने बच्चों ने विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में धार्मिक संस्कारों एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश भी दिया गया।
जनप्रतिनिधि भी हुए शोभायात्रा में शामिल
दिगंबर जैन समाज के द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल एवं विधायक विवेक पटेल भी अपने साथियों के साथ शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने जैन समाज के लोगों को दसलक्षण पर्युषण महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा श्री जी की पालकी के समक्ष पहुंचकर आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने क्षेत्र में सुख.शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए शोभायात्रा में कुछ दूरी तक सहभागिता की।शोभायात्रा में सुसज्जित भगवान श्री जी की पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं शोभायात्रा में शामिल घोड़ों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। घोड़ों पर सवार नन्हे.मुन्ने बालकों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ नजर आई। बैंड.बाजे और धार्मिक वातावरण के बीच निकली शोभायात्रा ने नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। शोभायात्रा के दौरान राहगीर, दुकानदार एवं नगरवासी अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने खड़े होकर धार्मिक आयोजन को देखते रहे। पूरे नगर में श्रद्धा एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।










































