राजधानी के जहांगीराबाद इलाके में रविवार तड़के गोवंश वध के कथित मामले को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मौके पर तीन गायों के अवशेष मिलने का दावा करते हुए शब्बन चौराहे पर प्रदर्शन किया और जहांगीराबाद थाने का घेराव किया।
भोपाल: राजधानी के जहांगीराबाद क्षेत्र में रविवार तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई जब गोवंश वध की सूचना पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता हरकत में आ गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच सूचना मिलने पर संबंधित इलाके में पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का दावा है कि मौके पर पांच गायें जीवित अवस्था में मिलीं, जबकि तीन गायों के अवशेष वहां पड़े हुए थे। इस घटना के विरोध में सुबह होते ही कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ फौरन सख्त कदम उठाने की मांग की।
जहांगीराबाद थाने पर धरने पर बैठे कार्यकर्ता
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विरोध जताने के दौरान उन पर हमला किया गया और उनके वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि मौके से बरामद अवशेषों का तुरंत चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए, घटना में संलिप्त लोगों की भूमिका स्पष्ट की जाए और कार्यकर्ताओं पर हमला करने तथा वाहन तोड़ने वालों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए। साथ ही, उन्होंने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।









































