अजित पवार की मौत की हो CBI जांच, रोहित पवार ने अमित शाह से कर दी बड़ी अपील, कहा- पुणे रिंग रोड का भी करें नामकरण

0

Ajit Pawar Death Case: एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की अपील की।

Ajit Pawar Death Case: एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने और पुणे रिंग रोड का नाम उनके (अजित के) नाम पर रखने की घोषणा करने की अपील की।

दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं अमित शाह

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अमित शाह रविवार से दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं। महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार का इस साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

पुणे रिंग रोड का नाम बदलने की मांग

रोहित पवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं।

उन्होंने दिवंगत नेता की प्रतिमा स्थापित करने की पहल का समर्थन करने वाले जिला परिषद के नेताओं का आभार जताया। एनसीपी (एसपी) के विधायक ने सवाल किया कि अजित पवार के समर्थन से राज्य सरकार में मंत्री पद पर बैठे लोग पुणे रिंग रोड का नाम उनके नाम पर रखने की मांग क्यों नहीं कर रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 26/11 हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा का AIIMS में होगा इलाज

रोहित ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान अमूल्य था और उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री के रूप में सेवाएं दी थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कुछ लोग किसी बड़ी परियोजना का नाम अजित पवार के नाम पर रखे जाने के विरोध में हैं। विधायक ने कहा कि केवल उनकी प्रतिमा का अनावरण कर देना उनके योगदान का सम्मान करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।

रोहित पवार ने कहा, “बेहतर होगा कि अमित शाह पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनकी मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा करें। ऐसा नहीं होने पर हम अजित पवार की पुण्यतिथि पर सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि यह पता लगाने के प्रयास जारी रहेंगे कि अजित पवार की मौत एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई ‘साजिश’ थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here