पहली ही पोस्टिंग में तलाक के केस, छह महीने में ही जज की नौकरी से ऊबा मन और चुना वैराग्य, प्रखर जैन ने लिया संन्यास

0

Prakhar Jain Became Monk: बैतूल की प्रखर जैन ने वैराग्य की दीक्षा ले ली है। अपने पिता का सपना पूरा करने के लिए वह न्यायिक सेवा में आई थीं लेकिन छह महीने की नौकरी में ही उनका मन ऊब गया। इसके बाद वैराग्य चुन लिया।

सिविल जज रहीं प्रखर जैन अब जैन साध्वी बन गई हैं। बैतूल की रहने वाली प्रखर जैन ने लंदन से पढ़ाई की थी। इसके बाद वह न्यायिक सेवा में आईं। पिता का सपना था कि हमारी बेटी जज बने। उस सपने को प्रखर ने पूरा किया। सिविल जज के रूप में चयन के बाद पहली पोस्टिंग भोपाल में मिली थी लेकिन सामने आ रहे तलाक के केसों को देखकर सांसरिक जीवन से मोह भंग हो गया। इसके बाद प्रखर जैन ने वैराग्य को चुन लिया

अदालत में उनके सामने लगातार पारिवारिक विवादों के केस आ रहे थे। यह देखकर वह सोच में पड़ गईं। सात जन्मों तक साथ निभाने की कसम खाने वाले रिश्ते कुछ महीनों और सालों में टूट रहे थे। इसी दौरान प्रखर श्री जैन ने वैराग्य की राह पर जाने का फैसला किया। साथ ही छह महीने की नौकरी के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

परिवार ने भी प्रखर जैन के फैसले को स्वीकार लिया। इसके बाद वह अध्यात्म और वैराग्य की राह पर चल पड़ीं। दीक्षा से पहले पिछले दिनों बैतूल में बिनौली निकाली गई। सोनागिर में दीक्षार्थी महोत्सव का आयोजन किया गया था, जहां प्रखर जैन की दीक्षा हो गई है। वह अब वैराग्य की राह पर चल पड़ी हैं।

दीक्षा के साथ ही प्रखरण जैन का नामकरण भी हो गया है। अब वह जैन साध्वी हो गई हैं। साथ ही उन्हें नया नाम भी मिल गया है। प्रखर जैन अब आर्यिका 105 सुवेधा श्री कहलाएंगी। उनके साथ ही अन्य पांच महिलाओं की भी दीक्षा हुई है। इनमें सीए से लेकर सामजसेवी तक थीं।

प्रखरश्री जैन पढ़ाई-लिखाई में भी काफी मेधावी रही हैं। उनकी शुरुआती स्कूलिंग भी भोपाल के नामी स्कूल से हुई है। इसके बाद अहमदाबाद से एलएलबी किया था। इसके बाद वह लंदन चली गई थीं। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है।

नवंबर महीने की शुरुआत में प्रखरश्री जैन का बैतूल में बिनौली निकाल गई थी। इसमें वह आखिरी बार सजी थी। साथ ही बिनौली समारोह के लिए उदयपुर से बैंड मंगवाया गया था। अब उन्हें दीक्षा मिल गई है तो वह सफेद कपड़े में ही रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here