खाना लेने जा रहे युवक को बाइक सवार दो युवकों ने मारपीट कर की लूट

0

खंडवा रोड पर सुराना राइस मिल के समीप हुई वारदात, मोबाइल और १००० रुपये लेकर फरार हुए बाईक सवार

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के खंडवा रोड़ पर सुराना राइस मिल के समीप बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के द्वारा एक युवक के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और जेब में रखा आईफ ोन मोबाइल तथा एक हजार रुपये नगद छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीडित ने वारासिवनी थाने एवं एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

मशीन इंस्टालेशन का कार्य करने हरियाणा से आया है शुभम

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर जिले की तहसील जगाधरी निवासी २३ वर्षीय शुभम चौधरी पिता दिनेश चौधरी वर्तमान में वारासिवनी के वार्ड क्रमांक ८ स्थित खंडवा रोड़ पर निवास कर रहा है। वह खंडवा रोड़ स्थित पटेल इंडस्ट्रीज में प्लांट मशीन इंस्टालेशन का कार्य करने के लिए वारासिवनी आया हुआ है। शुभम के अनुसार २२ नवंबर की शाम करीब ६.३० बजे फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद वह अपने कमरे पर चला गया था। कुछ समय आराम करने के बाद रात लगभग ७.५० बजे वह होटल से खाना लाने के लिए अपनी स्कूटी से निकला था। इसी दौरान जब वह खंडवा रोड़ पर सुराना राइस मिल की बाउंड्री के समीप पहुंचा तभी वारासिवनी की ओर से बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने उसकी स्कूटी के सामने अपनी बाइक खड़ी कर रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने शुभम को दो से चार मुक्के मारे और उसकी जेब में रखा आईफ ोन १३ मोबाइल तथा एक हजार रुपये नगद छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी उसकी स्कूटी को धक्का देकर खंडवा रोड़ की ओर फरार हो गए। लूटे गए आईफ ोन १३ का रंग सफेद है तथा सीरियल नंबर जेएफ ५३७ सीवीएक्सजीक्यू भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। ताकि मोबाइल की पहचान कर उसे बरामद करने में मदद मिल सके। घटना के बाद पीडि़त शुभम चौधरी ने २३ नवंबर को वारासिवनी थाने में उपस्थित होकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की। उसने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध उचित कार्यवाही करने तथा लूटे गए मोबाइल फ ोन को ट्रेस कर वापस दिलाने की मांग की है। नगर के व्यस्त मार्ग पर इस प्रकार युवक को रोककर मारपीट और लूट की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दो युवकों ने मेरे साथ मारपीट कर आईफोन और एक हजार रुपए छीन लिया – शुभम चौधरी

शुभम चौधरी ने बताया कि मैं हरियाणा का रहने वाला हूं खंडवा रोड़ पर मिल में मशीन इंस्टॉल करने के लिए आया हुआ हूं। खाना लेने के लिए मैं जा रहा था तभी दो बंदे मोटरसाइकिल से आए हो उन्होंने मेरे साथ मारपिट कर आईफ ोन १३ छीन कर रख लिया वहीं मेरे जेब से हजार रुपए छीन लिया। वह मौके से फ रार हो गये मैं अकेला स्कूटी से जा रहा था उस समय गाड़ी सामने अड़ा कर मुझे इन्होंने रोका इसकी शिकायत एसडीओपी कार्यालय और थाना वारासिवनी में हमारे द्वारा की गई है। हम चाहते हैं कि हमें हमारी राशि और सामान वापस दिला कर अज्ञात व्यक्तियों पर कार्यवाही की जायें।

इनका कहना हैं

दूरभाष पर चर्चा में बताया कि पीड़ित व्यक्ति के द्वारा थाने में शिकायत की गई है जिसमें जांच की जा रही है अज्ञात व्यक्तियों का पता लगाना का प्रयास हो रहा है।

अनूप कुमार उइके थाना प्रभारी वारासिवनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here