झालीवाड़ा शमशान मार्ग की हालत जर्जर ग्रामीणों में आक्रोश

0

पुल बनने से बढ़ा यातायात, जगह जगह दुर्घटना का खतरा

वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत झालीवाड़ा का शमशान घाट मार्ग बदहाल स्थिति में है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस कच्चे मार्ग पर जगह जगह छोटे बड़े गड्ढे होने के साथ नुकीले पत्थर बाहर निकल आए हैं। वहीं चंदन नदी पर पुल निर्माण के बाद इस मार्ग से आवागमन बढ़ गया है, लेकिन सडक़ की हालत में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

डेढ़ किलोमीटर लंबा है कच्चा मार्ग

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम झालीवाड़ा के प्रवेश द्वार के विपरीत दिशा से एक मार्ग चंदन नदी की ओर जाता है। इसी मार्ग पर नदी किनारे ग्राम का शमशान घाट स्थित है जिसकी दूरी गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर है। मार्ग के दोनों ओर कृषि भूमि होने के कारण किसान भी नियमित रूप से इस रास्ते का उपयोग करते हैं। इसके अलावा चंदन नदी पर पुल का निर्माण हो जाने से इस मार्ग से आवागमन बढ़ गया है। बावजूद इसके सडक़ आज भी कच्ची स्थिति में है और इसके सुधार की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वर्तमान में मार्ग पर जगह जगह गड्ढे होने के साथ ही नुकीले पत्थर बाहर निकल आए हैं। कई स्थानों पर मुरूम फैली हुई है जिससे दोपहिया वाहनों के चालकों को विशेष परेशानी होती है। ऐसे में थोड़ी सी असावधानी भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। बरसात के मौसम में इस मार्ग की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। पिछली बारिश के दौरान मार्ग की हालत काफी खराब हो गई थी। इसके बाद आवागमन को किसी तरह सुगम बनाने के उद्देश्य से कुछ समय पहले बड़े.बड़े गड्ढों में मुरूम डलवाई गई थी लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। वर्तमान में भी मार्ग की स्थिति खराब हैं इस मार्ग से किसानों के अलावा विद्यार्थी, ग्रामीण एवं अन्य राहगीरों का प्रतिदिन आवागमन होता है। शमशान घाट तक पहुंचने के लिए भी ग्रामीणों को इसी रास्ते का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में मार्ग की बदहाली के कारण सामान्य दिनों में भी परेशानी होती है ग्रामीणों ने शासन प्रशासन एवं संबंधित विभाग से झालीवाड़ा शमशान मार्ग का निरीक्षण कराकर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग का पक्के रूप में निर्माण कराने की मांग की है ताकि किसानों, विद्यार्थियों, राहगीरों एवं ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।

शवयात्रा यहां से ले जाना काफी समस्या भरा रहता है-भूपेंद्र राहगंडाले

भूपेंद्र राहगंडाले ने बताया कि गांव के शमशान पहुंचने के लिए यह सडक़ है और आगे मेहदोली भी जाती है। शवयात्रा यहां से ले जाना काफ ी समस्या भरा रहता है अभी यहां पर मुरूम डाला गया है वरना आने.जाने में और ज्यादा समस्या है। डेढ़ किलो मीटर का तो मार्ग है बरसात में आना जाना बंद हो जाता है और वही कारण है कि अभी बडे बड़े गड्ढे है पत्थर बाहर निकल गए हैं। १ वर्ष से ज्यादा का समय हो गया है पुलिया बनने से यातायात भी यहां बढ़ गया है नवेगांव, बिटोडी के लोग यहीं से आते जाते हैं कटंगी के लिए यह सिधा पड़ता है।

सडक़ में गड्ढे हो गये ,गिट्टी निकल गई है हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है-संजय शरणागत

संजय शरणागत ने बताया कि सडक़ की हालत खराब है अभी दिन रात यह मार्ग चालू है। गांव के लोग खेती किसानी के लिए शमशान आने के लिए नदी आने के लिए या ग्रामीण क्षेत्र की तरफ जाने के लिए इस मार्ग का सबसे ज्यादा उपयोग करते हैं। तो वहीं दूसरे गांव के लोग भी यहीं से आते जाते हैं पूरी सडक़ में गड्ढे हो गए हैं गिट्टी निकल गई है हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। क्योंकि मोटरसाइकिल अधिकांश स्लिप हो जाती है। इसके लिए ग्राम के लोगों के द्वारा कई बार शिकायत की गई है पर आज तक कुछ नहीं हुआ है हम चाहते हैं कि सडक़ का पक्का निर्माण हो जाए ताकि आसानी से लोग आवागमन कर सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here