परिसीमन बिल पर INDIA ब्लॉक का हमला, खरगे बोले- संविधान बदलने की कोशिश में जुटी मोदी सरकार, ये लोकतंत्र के लिए खतरा

0

संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक को लेकर INDIA गठबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि यह लोकतंत्र को खत्म करने और संविधान बदलने का प्रयास है।

संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने वाले परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी ‘INDIA’ गठबंधन ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक के बाद बुलाई गई एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस विधेयक को देश के लोकतंत्र, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट किया कि INDIA ब्लॉक इस परिसीमन संशोधन विधेयक को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में बहुमत का फायदा उठाकर तानाशाही और चीन जैसी स्थिति कायम करना चाहती है।

“लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर खतरा”: खरगे के तीखे हमले

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं ने सामूहिक रूप से यह तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा लाया जा रहा यह संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए एक बेहद गंभीर खतरा है। लोकतंत्र को ध्वस्त करने और निरंकुश सत्ता हासिल करने के लिए वे अब ‘800 पार’ का लक्ष्य बना रहे हैं। चुनाव में उनका ‘400 पार’ का नारा पूरी तरह फ्लॉप हो चुका था, इसलिए अब सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाकर वे हमेशा के लिए सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं। खरगे ने ये भी कहा कि अगर सरकार को इस बिल पर बहुमत मिल जाता है, तो वे आगे चलकर संविधान को पूरी तरह बदलने की कोशिश भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश को इससे बहुत बड़ा नुकसान होगा और सरकार ‘मनुस्मृति’ का एजेंडा थोपकर चीन जैसे एकदलीय शासन वाली व्यवस्था बनाना चाहती है।

“SC और ST समुदाय के अधिकारों पर डकैती”

विधेयक के प्रावधानों का ब्योरा देते हुए खरगे ने कहा कि इस संशोधन में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों की पूरी तरह से अनदेखी की गई है। खरगे ने कहा किसी भी राज्य में SC और ST वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उनकी आबादी के अनुपात में होनी चाहिए। नियमानुसार, नई व्यवस्था में SC/ST वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए थी, लेकिन प्रस्तावित संशोधन में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया है। जनगणना का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि आगामी जनगणना के आंकड़ों के आधार पर जब आरक्षण तय होगा, तो आबादी बढ़ने के कारण SC/ST समुदाय अधिक सीटों का हकदार होगा। हालांकि, सरकार नई जनगणना की रिपोर्ट आने से पहले ही अपने तात्कालिक राजनीतिक लाभ के लिए संशोधन लागू कर इन वर्गों को उनके वाजिब हक से वंचित करना चाहती है।

विपक्ष की एकजुटता पर बड़ा सवाल

एक तरफ जहां INDIA ब्लॉक के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परिसीमन के खिलाफ बिगुल फूंका है, वहीं दूसरी ओर शरद पवार की पार्टी (NCP-SP) द्वारा इस बिल के समर्थन के ऐलान ने विपक्षी खेमे में नई तल्खी पैदा कर दी है। इसके बावजूद, कांग्रेस और INDIA गठबंधन के घटक दलों ने साफ कर दिया है कि वे संसद के दोनों सदनों में इस विधेयक का पुरजोर विरोध करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here