IIM अमृतसर के एसोसिएट प्रोफेसर मुकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि एमेजॉन से वॉशिंंग मशीन खरीदने और ओपन बॉक्स डिलिवरी का विकल्प चुनने के बाद भी उन्हें प्रोडक्ट डिलिवर नहीं हुआ। शिकायत करने पर जवाब मिला कि प्रोडक्ट डिलिवर हो गया है।AMAZON से वॉशिंग मशीन ऑर्डर करने वाले एक ग्राहक ने खुद के साथ हुई धोखाधड़ी की घटना के बारे में बताया है। ग्राहक ने कहा है कि वह कई वर्षों से एमेजॉन के वफादार कस्टमर रहे हैं, लेकिन एक हालिया घटना ने उनके भरोसे को हिलाकर रख दिया है। IIM अमृतसर में असोसिएट प्रोफेसर मुकेश कुमार का आरोप है कि उन्होंने एमेजॉन से वॉशिंग मशीन मंगाई थी। उन्होंने ‘ओपन बॉक्स डिलीवरी’ का विकल्प चुना था जिसमें डिलिवरी के समय ग्राहक को प्रोडक्ट खोलकर दिखाया जाता है। आरोप है कि उन्हें डिलिवरी मिली ही नहीं और ओपन बॉक्स डिलिवरी की प्रक्रिया को भी पूरा नहीं किया गया।
लिंक्डइन पर शेयर की अपने साथ हुई घटना
IIM प्रोफेसर ने अपने साथ हुई घटना को लिंक्डइन पर शेयर किया है। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- मैं वर्षों से एमेजॉन का वफादार ग्राहक रहा हूं। मुझे इस प्लेटफॉर्म पर इतना भरोसा था कि मैं बिना हिचकिचाहट महंगे होम अप्लायंसेज ऑर्डर कर देता था। दुर्भाग्य से, मेरे हालिया एक्सपीरियंस ने इस भरोसे को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया है।मुकेश कुमार का कहना है कि उन्होंने ‘ओपन बॉक्स डिलीवरी’ के साथ एक वॉशिंग मशीन ऑर्डर की थी। यह प्रक्रिया खासतौर पर ग्राहकों को डिलीवरी धोखाधड़ी से बचाने के लिए बनाई गई है। मुकेश का कहना है कि जब डिलीवरी बॉय का फोन आया, तब वह क्लास ले रहे थे, इसलिए फोन नहीं उठा सके। आरोप है कि अनिवार्य ओपन बॉक्स डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी करने के बजाय, ऑर्डर को सीधे ‘Delivered’ (डिलीवर हो गया) मार्क कर दिया गया। मुकेश का कहना है कि उन्हें वॉशिंग मशीन कभी मिली ही नहीं। उनके परिवार में भी किसी को यह डिलिवर नहीं की गई। उन्होंने कभी कोई ओटीपी शेयर नहीं किया। कोई ओपन बॉक्स डिलीवरी नहीं की गई। इसके बावजूद सिस्टम में स्टेटस अपडेट करके दिखाया गया कि प्रोडक्ट सफलतापूर्वक डिलीवर हो गया है।













































