भोपाल। अशोका गार्डन औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने खुद को फंदे से लटका लिया, जिस वजह से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीनदयाल अहिरवार के रूप में हुई है। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। उसने किन कारणों से यह कदम उठाया, इस बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कुछ दिनों से तनाव में था।
पुलिस के अनुसार दीनदयाल अहिरवार औद्योगिक क्षेत्र में वाहनों की रखवाली किया करता था। एक समय में उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी था। वह थाने की गुंडा सूची में शामिल था। उसके घर के पास ही उसका बड़ा भाई रहता है। मामले के जांच अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान के बाद ही कारण सामने आ सकता हैउधर, टीटी नगर सेकंड स्टाप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए बुजुर्ग व्यक्ति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। टीटी नगर पुलिस के अनुसार देवी सिंह (70) शिवनगर छोला मंदिर में रहते थे। सोमवार को वह सेकंड स्टाप स्थित सेंट मैरी स्कूल के सामने पैदल जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारकर घायल कर दिया था। उन्हें इलाज के लिए पहले जयप्रकाश हॉस्पिटल और बाद में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने शाहजहांनाबाद स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।