Annual ICC Team Rankings Update: टीम इंडिया वार्षिक अपडेट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की पुरुषों की वनडे टीम रैंकिंग में शीर्ष पर बना हुआ है लेकिन न्यूजीलैंड पर उसकी बढ़त आठ अंक से घटकर सिर्फ पांच अंक की रह गई है। अपडेट के बाद भारत के अंक 119 से घटकर 118 हो गए हैं जबकि न्यूजीलैंड के दो अंक के फायदे से 113 अंक हैं। मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 109 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।
शीर्ष 10 टीम में एकमात्र बदलाव में दक्षिण अफ्रीका (102) ने पाकिस्तान (98) को पछाड़कर चौथा स्थान हासिल कर लिया है। नौवें स्थान पर मौजूद बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच अंतर अब बढ़कर 10 अंक का हो गया है।
आयरलैंड ने जिम्बाब्वे को पीछे छोड़कर 11वां स्थान हासिल किया है जबकि अमेरिका भी स्कॉटलैंड से आगे निकलकर 13वें स्थान पर है। संयुक्त अरब अमीरात अब कनाडा से आगे 19वें स्थान पर है।पिछले सप्ताह किए गए सालाना अपडेट के बाद भारत आईसीसी की पुरुषों की टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी शीर्ष पर है जबकि ऑस्ट्रेलिया टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक है। ऑस्ट्रेलिया महिलाओं की एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों रैंकिंग में शीर्ष पर है।
अगले साल आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन होना है। वनडे क्रिकेट की इस सबसे बड़ी प्रतियोगिता को देखते हुए सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुट चुकी हैं और ऐसे में भारत का रैंकिंग में शीर्ष पर कायम रहना एक अच्छी खबर होने के साथ-साथ जिम्मेदारी भी लेकर आती है कि टीम इंडिया को वनडे क्रिकेट में इस वर्चस्व को बरकरार रखना होगा। वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन तीन देश (दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया) मिलकर करने वाले हैं। टूर्नामेंट अगले साल अक्टूबर-नवंबर में खेला जाएगा। इस बार आईसीसी वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप में 14 देशों की टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया है जिसने 2023 में अहमदाबाद में हुए फाइनल मैच में भारत को हराकर खिताब जीता था।










































