आईपीएल 2027 के मिनी-ऑक्शन के लिए 18 देशों के कुल 1220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इनमें 939 भारतीय, 281 विदेशी क्रिकेटर शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया ने सर्वाधिक 53 खिलाड़ियों ने नाम दिया है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका (40), वेस्टइंडीज (36), न्यूजीलैंड (25) और अफगानिस्तान (23) का नंबर आता है। श्रीलंका से 21, इंग्लैंड से 16 और बांग्लादेश से 12 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। IPL मीडिया रिलीज के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 प्लेयर ऑक्शन के लिए कुल 1220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 939 भारतीय और 17 देशों के 281 विदेशी क्रिकेटर शामिल हैं। सभी फ्रेंचाइजी मिलकर कुल 66 खाली स्लॉट भरेंगे। इन 66 स्लॉट में से 25 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों का है। IPL 2027 का ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित किया जाएगा। ऑक्शन से पहले, दस फ्रेंचाइजियों ने पहले ही 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें 55 विदेशी क्रिकेटर भी शामिल हैं।
ऑक्शन रजिस्टर में 184 ‘कैप्ड’ खिलाड़ी (जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं), 994 ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी (जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेले हैं) और एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी शामिल हैं। अनकैप्ड खिलाड़ियों में 925 भारतीय हैं, जिनमें से 127 खिलाड़ी पिछले IPL सीजन में खेल चुके हैं।
इन देशों के इतने खिलाड़ी
विदेशी खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे है, जहां से 53 खिलाड़ियों ने नाम दिया है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका (40), वेस्टइंडीज (36), न्यूजीलैंड (25) और अफगानिस्तान (23) का नंबर आता है। श्रीलंका से 21, इंग्लैंड से 16 और बांग्लादेश से 12 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
एसोसिएट देशों में, USA से सबसे ज्यादा 13 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और नेपाल हैं, जहां से 10-10 खिलाड़ियों ने नाम दिया है। आयरलैंड से 7, जिम्बाब्वे से 6, नीदरलैंड से 3, जबकि कनाडा, जापान और स्कॉटलैंड से 2-2 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
छह श्रेणियों में बांटा गया है खिलाड़ियों को
- 14 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी
- 170 कैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
- 42 एसोसिएट देशों के खिलाड़ी
- 127 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी जो पिछले IPL सीजन में खेल चुके हैं
- 798 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी
- 69 अनकैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
किस टीम के पास कितना पर्स
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के पास सबसे ज्यादा 47.45 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध है, जो सभी दस फ्रेंचाइजियों में सबसे अधिक है। LSG के बाद, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पास 41.65 करोड़ रुपये का दूसरा सबसे बड़ा पर्स है। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास 40.15 करोड़ रुपये और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास 39.50 करोड़ रुपये हैं।
गुजरात टाइटंस (GT) के पास सबसे कम, यानी 8.75 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास 14.15 करोड़ रुपये हैं। सभी फ्रेंचाइजी के पास कुल मिलाकर 295.60 करोड़ रुपये का सैलरी कैप बचा है।
किस टीम में कितने उपलब्ध स्लॉट
उपलब्ध स्लॉट की बात करें तो, DC और मुंबई इंडियंस (MI) के पास नौ-नौ स्लॉट हैं, जबकि KKR के पास आठ स्लॉट हैं। LSG और SRH के पास सात-सात स्लॉट हैं, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के पास छह-छह स्लॉट हैं। RCB के पास पांच स्लॉट हैं और GT के पास तीन स्लॉट हैं।
4 दिसंबर को जारी हुई फाइनल लिस्ट
अब फ्रेंचाइजी ऑक्शन रजिस्टर से उन खिलाड़ियों के नाम देंगी जिन्हें वे फाइनल प्लेयर पूल में शामिल करना चाहती हैं। खिलाड़ियों के सेट के साथ फाइनल ऑक्शन लिस्ट 4 दिसंबर को जारी की जाएगी।










































