‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के शुक्रवार के एपिसोड में एक कंटेस्टेंट की आपबीती सुन सब भावुक हो गए। अर्पिता झा नाम की इस कंटेस्टेंट ने शुक्रवार के एपिसोड में ₹50 लाख जीते, जिसके बाद शो समाप्त करने का समय आ गया। अर्पिता झा का सफर सोमवार के एपिसोड में आगे बढ़ा। पिछले एपिसोड में ये तय हो गया थी कि अर्पिता अगले एपिसोड में ₹1 करोड़ को सवाल खेलेंगी। इस एपिसोड में लोगों ने देखी अर्पिता की समझदारी कि कैसे अपनी लाइफलाइन का इस्तेमाल करके वो टॉप पर आ गईं। अर्पिता ने एपिसोड में पिता के कर्ज से लेकर घर की आर्थिक तंगी की बात की और ये भी कहा कि उनका सपना है की वो अपने माता-पिता को आरामदायक जिंदगी दें पाएं।
अर्पिता से 1 करोड़ का सवाल पूछा गया तब उनके पास लाइफलाइन खत्म हो चुकी थीं। इस वजह से और पूरी तरह श्योर न होने की वजह से अर्पिता ने रिस्क न लेते हुए गेम क्विट कर दिया। गेम क्विट करने के बाद अमिताभ बच्चन ने उनसे एक जवाब चुनने को कहा, उन्होंने जो जवाब चुना वो गलत निकला और वो ₹50 लाख जीतकर अपने साथ ले गईं।
कोई लाइफलाइन नहीं बची थी, गेम किया क्विट
अर्पिता से ₹1 करोड़ का सवाल पूछा गया, और गेम के इस पड़ाव पर उनके पास कोई लाइफलाइन नहीं बची थी।
1 करोड़ रुपये का सवाल था-
अगस्त 2026 तक, किस देश में महिलाएं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और संसद की स्पीकर के तौर पर काम कर रही हैं?
(a)इटली (b)आइसलैंड (c)लातविया (d)माल्टा
चूंकि उनके पास कोई लाइफलाइन नहीं बची थी और उन्हें सही जवाब के बारे में पक्का पता नहीं था, इसलिए उन्होंने गेम छोड़ने और ₹50 लाख लेकर जाने का फैसला किया। गेम छोड़ने के बाद, उनसे जवाब का अंदाजा लगाने के लिए कहा गया और उन्होंने ‘लातविया’ कहा, जो गलत जवाब था। सही जवाब आइसलैंड था।
₹1 करोड़ के सवाल के बारे में
इस प्रश्न का सही जवाब था आइसलैंड। थाहल्ला टोमासडॉटिर 2024 से आइसलैंड की राष्ट्रपति के तौर पर काम कर रही हैं। क्रिस्ट्रुन फ्रॉस्टाडॉटिर 2024 से प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर रही हैं, और थोरुन स्वेनबजर्नार्डॉटिर 2025 से संसद की स्पीकर के तौर पर काम कर रही हैं।
शो में बताई आपबीती
शुक्रवार के एपिसोड में अर्पिता ने उस समय को याद किया जब उनके पिता की कमाई सिर्फ 5,000 रुपये थी और परिवार की किस्मत बदलने के लिए उन्होंने ट्रांसपोर्टेशन का बिज़नेस शुरू किया था। बदकिस्मती से, बिजनेस डूब गया और जल्द ही कर्ज वसूलने वाले उनके घर आने लगे और परिवार को धमकाने लगे। अर्पिता ने बताया कि इन मुश्किलों के बीच उन्होंने कई तरह के छोटे-मोटे काम किए और इंजीनियर बनने की अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए 5 लाख रुपये का लोन लिया, जो ब्याज मिलाकर 8 लाख रुपये हो गया। वह पिछले कुछ सालों से पूरी ईमानदारी से उस लोन को चुका रही हैं।
आर्थिक रूप से परिवार की मदद करना चाहती हैं अर्पिता
अर्पिता ने पहले एपिसोड में बताया था कि उनका सपना अपने माता-पिता को आर्थिक रूप से हेल्प करना और उन्हें मजबूत बनाना है। इस एपिसोड में उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड अमित के बारे में भी बात की। अमित को वह पिछले 7-8 सालों से डेट कर रही हैं लेकिन उन्होंने अभी तक अमित के शादी के प्रपोज़ल को हां नहीं कहा है। उन्होंने वजह बताते हुए कहा, वो अपनी आर्थिक स्थिति ठीक होने का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने यह भी बताया कि जब उनकी की मां बीमार पड़ीं और उन्हें सर्जरी की जरूरत थी, तब परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा था। इस दौर में उनके बॉयफ़्रेंड ने उनके परिवार की पैसों से मदद की थी।





































