सातवीं सीड वाली इगा स्वियातेक ने गुरुवार को नेशनल बैंक ओपन (National Bank Open) में दूसरी सीड वाली एलेना रायबाकिना को 6-2, 6-3 से हराकर इस साल का अपना पहला और कुल मिलाकर 26वां WTA टूर (WTA Tour) खिताब जीता। पोलैंड की स्वियातेक ने मैच की शुरुआत में ही रायबाकिना की सर्विस तोड़ी और 29 मिनट में पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में 2-2 के स्कोर पर स्वियातेक ने एक और ब्रेक हासिल किया और फिर 75 मिनट में शानदार तरीके से जीत पक्की की।
जीत के बाद इगा स्वियातेक ने कहा, “मैं पूरी तरह से अपनी लय में थी। मैं मैच को शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण बनाना चाहती थी।” जोरदार सर्विस करने वाली रायबाकिना, जो टूर पर सबसे ज़्यादा ‘एसेस’ (सीधे सर्विस पर पॉइंट) लगाने वाली खिलाड़ी हैं – को अपनी लय पाने में संघर्ष करना पड़ा। इगा स्वियातेक ने लगातार हमले, कम गलतियों और कोर्ट पर बेहतरीन मूवमेंट के साथ उन्हें दबाव में रखा।
इस मैच में हार के बाद एलेना रायबाकिना ने कहा, “मैं काफी आक्रामक होकर नहीं खेल रही थी और मुझमें (काफी) ऊर्जा की कमी थी। हम सभी जानते हैं कि वह एक फाइटर है और वह मुझसे कहीं ज़्यादा देर तक दाएं-बाएं दौड़ सकती है।छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वियातेक के नई वर्ल्ड रैंकिंग (World Rankings) में दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंचने की उम्मीद है। इगा स्वियातेक ने कहा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं क्योंकि इस सीज़न में मेरा सफ़र उतार-चढ़ाव भरा रहा है। यहां होना, ट्रॉफी हाथ में लेना और बेहतरीन खिलाड़ियों को हराना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।”
रायबाकिना नंबर 2 पर ही बनी रहेंगी। इससे पहले, महिला डबल्स फाइनल में कैटरीना सिनियाकोवा और शुआई झांग ने सारा एरानी और निकोल मेलिचर-मार्टिनेज की जोड़ी को 6-3, 6-4 से हराया।










































