कोसरीटोला रेलवे फाटक पर हुआ हादसा,घायल का सिविल अस्पताल में उपचार जारी
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरझड़ के कोसरीटोला रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार की शाम एक इलेक्ट्रॉनिक मोपेड में अचानक तेज स्पार्किंग होने से उस पर सवार १४ वर्षीय बालक झुलस गया। हादसे में बालक के हाथ का पंजा गंभीर रूप से झुलस गया जिसके बाद परिजनों के द्वारा उसे तत्काल उपचार के लिए वारासिवनी स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बालक का उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोसरीटोला निवासी रंजीत यादव के घर में इलेक्ट्रॉनिक मोपेड है। सोमवार की शाम उनकी पत्नी योगिता यादव अपने १४ वर्षीय पुत्र प्रेम यादव के साथ उपचार के सिलसिले में वारासिवनी नगर आने के लिए घर से निकली थीं। बताया गया कि दोनों इलेक्ट्रॉनिक मोपेड पर सवार होकर कोसरीटोला रेलवे क्रॉसिंग पहुंचे थे। इस दौरान रेलवे फाटक बंद होने के कारण वे फाटक खुलने का इंतजार कर रहे थे और मोपेड पर ही बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक इलेक्ट्रॉनिक मोपेड में चाबी लॉक के पास तेज स्पार्किंग होने लगी। देखते ही देखते विद्युत चिंगारी निकलने से मोपेड पर बैठे प्रेम यादव के हाथ में करेंट का असर हुआ और उसका हाथ बुरी तरह झुलस गया। घटना इतनी अचानक हुई कि बालक और उसकी मां कुछ समझ पाते इससे पहले ही मोपेड की चाबी भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। मोपेड में तेज स्पार्किंग होते देख योगिता यादव और प्रेम यादव तत्काल वाहन से दूर हट गए। गनीमत रही कि स्पार्किंग के बावजूद मोपेड में आग नहीं लगी अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफ रा तफ री की स्थिति निर्मित हो गई। हादसे की जानकारी योगिता यादव ने तत्काल अपने पति रंजीत यादव को दी। सूचना मिलते ही रंजीत यादव मौके पर पहुंचे और घायल पुत्र प्रेम यादव को उपचार के लिए वारासिवनी के सिविल अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण इलेक्ट्रॉनिक मोपेड में अचानक हुई विद्युत स्पार्किंग बताया जा रहा है। इस घटना ने इलेक्ट्रॉनिक वाहनों की बैटरी, वायरिंग और विद्युत प्रणाली की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। घायल के पिता रंजीत यादव ने बताया कि यह घटना इलेक्ट्रॉनिक वाहन में हमारे घर में पहली बार हुई है और किस कारण से हुई यह हमें भी पता नहीं है । परंतु गाड़ी पर बैठे हुए थे तभी अचानक यह हादसा होना बताया जा रहा है लडक़े का हाथ का पंजा बहुत ज्यादा जल गया है और पूरा काला हो गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस कंप्लेंट की जाएगी क्योंकि यह एक प्रकार से जान का जोखिम भी है।









































