उड़ती गिट्टियां और गड्ढे बढ़ा रहे दुर्घटना का खतरा
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम खापा से कैँप को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अत्यंत बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। मार्ग पर डामर की परत जगह जगह से तरह उखड़ चुकी है जिसके कारण पूरी सडक़ पर छोटे.बड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों से बाहर निकली गिट्टियां राहगीरों स्कूली विद्यार्थियों और वाहन चालकों के लिए लगातार हादसे का सबब बन रही हैं। सडक़ की इस दुर्दशा के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे शीघ्र मरम्मत की मांग कर रहे हैं।
क्षमता से अधिक भार और देखरेख का अभाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार खापा में जिले और संभाग का एक प्रमुख खुला अनाज भंडारण केंद्र स्थित है। पूर्व में ग्रामीणों के भारी जनांदोलन के बाद प्रशासन ने इस मार्ग पर डामरीकरण कराया था। हालांकि रोजाना अनाज ढोने वाले दर्जनों भारी भरकम ट्रकों की आवाजाही के कारण यह सडक़ समय से पहले ही जर्जर हो गई। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मार्ग के निर्माण कम क्षमता के वाहनों के अनुसार किया गया था। जबकि इस पर क्षमता से दोगुना भारी वाहन दौड़ रहे हैं। निर्माण के बाद से अब तक विभाग के द्वारा एक बार भी मरम्मत कार्य नही कराए जाने से सडक़ की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सडक़ के प्रारंभ में स्कूल के सामने भयंकर गड्ढे हो गए हैं तो वहीं केप के सामने करीब २०० मीटर की दूरी में गड्डों का अंबार लगा हुआ है, इन सभी जगह डामर की चद्दर उखाडऩे से यहां गड्ढे बन गए हैं यह स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में जलभराव होने से राहगीरों पर गंदा पानी और कीचड़ उछलता है जिससे पैदल चलने वालों व दोपहिया चालकों के कपड़े खराब हो रहे हैं। दोपहिया वाहनों के फि सलने और अनियंत्रित होकर गिरने का डर हर समय बना रहता है। यह मार्ग केवल खापा ही नहीं बल्कि आसपास की कई ग्राम पंचायतों को आपस में जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों विद्यार्थी और ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के द्वारा कई बार संबंधित विभाग से मरम्मत की गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मानसून से पूर्व मरम्मत करा दी जाती तो सडक़ की इतनी दुर्दशा नही होती। ग्रामवासियों ने शासन प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग का अविलंब डामरीकरण या मरम्मत कराया जायें ।
स्कुल आने जाने में सभी छात्र छात्राओं को बहुत समस्या होती है – अंजलि गजाम
छात्रा अंजलि गजाम ने बताया कि मैं गोंडीटोला में निवास करती हूं जहां से शिक्षा अध्ययन करने के लिए एकीकृत माध्यमिक शाला खापा आना होता है। इस दौरान करीब १ किलोमीटर की दूरी तय करनी होती है यह जो मार्ग से हम आते जाते हैं इसमें बहुत ज्यादा गड्ढे हो गए हैं। हमें साइकिल से आने.जाने में बहुत दिक्कत होती है बारिश के समय कपड़े खराब हो जाते हैं वहीं भारी ट्रक रोजाना चलते रहते हैं तो डर भी लगा रहता है। दुर्घटना तो यहां होती है अभी कुछ समय पहले इस मार्ग पर गड्डों के कारण दो जगह दुर्घटना हुई थी जिसमें उन लोगों को घायल होना पड़ा था। यहां पर दुर्घटनाएं होती रहती है ,हम यही चाहते हैं कि मार्ग को अच्छे से बनाना चाहिए ताकि आवागमन कर रहे लोगों को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।
मार्ग की जर्जर स्थिति से ग्रामीणजन बहुत परेशान है – जितेंद्र गौतम
ग्रामीण जितेंद्र गौतम ने बताया कि यह मार्ग का निर्माण बहुत संघर्षों के बाद बना हुआ था परंतु वर्तमान में यह जगह.जगह से खुद गया है गड्ढे हो गए हैं। प्रारंभ में ही बहुत ज्यादा गड्ढे एक स्थान पर बने हुए हैं जहां लोगों को आराम से आना जाना होता है नए व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है। वहीं पूरे मार्ग इस प्रकार के गड्ढे बने हुए हैं और कैंप के सामने तो बहुत ज्यादा समस्या है। यह मार्ग सीधे कटंगी के लिए निकलता है और बहुत सारे लोग यहां से आना जाना करते हैं दुर्घटनाएं भी घटित होती है। इस मार्ग की मरम्मत बहुत समय से नहीं की गई है यदि समय रहते मरम्मत की जाती तो यह गड्ढे इतने बड़े नहीं होते। हमारी मांग है कि जल्द इसकी मरम्मत कर दी जाए ताकि संभावित दुर्घटना का भय समाप्त हो। यहां प्रतिदिन भारी वाहन चलते हैं जिससे और ज्यादा मार्ग भविष्य में खराब होगा उसके पहले सुधार होना चाहिए।










































