पदमेश न्यूज़, बालाघाट।जिले में अब प्री मानसून की आहत नजर आने लगी है।5 जून के बाद बुधवार 10 जून को बारिश होने के बाद तेज गर्मी से राहत मिली।
जहा दोपहर करीब 3 बजे के आसपास नगर मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम में अचानक से बदलाव देखा गया।जहा तेज आंधी तूफान के साथ नगर में करीब आधा घण्टा झमाझम बारिश देखने को मिली। जून माह की तपती दोपहर और तेज धूप के बीच हुई इस बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने वातावरण को सुहाना बना दिया,उधर मौसम भी अचानक से शुष्क हो गया।जहां पूरा दिन शुष्क मौसम के साथ हल्की ठंडी हवाएं बहती रही।जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
आंधी तूफान में गिरे पेड़, उखड़ा पंडाल तो हवा में उड़े शेड
बुधवार को दोपहर बारिश से पहले तेज हवाओं के कारण, जगह-जगह पेड़ भी गिरे है।जहा अस्पताल के सामने और शासकीय आवासो में लगे पेड़ो के गिरने से दुकान, वाहन और बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचा है। जबकि काली पुतली चौक में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के लिए लगाया गया पंडाल गिर गया। हालांकि यह अच्छा रहा कि इससे पूर्व ही कांग्रेस का धरना आंदोलन खत्म हो गया था। वहीं एक हॉटल की भी प्लास्टिक छत उड़ गई।
सप्ताह भर हल्की से मध्य के बीच बारिश के संकेत
मौसम में आए इस अचानक बदलाव के बीच बुधवार की दोपहर मौसम ने करवट ली और नीले आसमान को काले घने बादलो ने घेरना शुरू कर दिया।उधर तेज रफ्तार से चली हवाओ व आंधी तूफान के बीच, कुछ ही देर में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई जिसने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत पहुंचाई।हालांकि बारिश अधिक देर तक नहीं हुई, लेकिन आधे घण्टे की इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट देखी गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए।मौसम में आए इसी बदलाव के बीच बुधवार को नगर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियत दर्ज किया गया।तो वही न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियत के आसपास रहा।उधर मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक मौसम के कुछ इसी तरह बने रहने, तापमान में उतार चढ़ाव रहने के साथ साथ सप्ताह भर हल्की से मध्य के बीच बारिश के संकेत दिए है।
किसानों के लिए वरदान साबित हो रही बारिश
किसानों के अनुसार जून माह में होने वाली ऐसी वर्षा खरीफ फसलों की तैयारी कर रहे किसानों के लिए भी लाभदायक होती है। बारिश से खेतों की नमी बढ़ती है और किसानों को आगामी बुवाई कार्यों की तैयारी में सहूलियत मिलती है। हालांकि किसानों का कहना है कि अच्छी बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है, लेकिन मौसम में आए इस बदलाव ने उनकी उम्मीद जरूर जगा दी है।बुधवार को हुई यह बारिश जुताई के लिए फायदेमंद साबित हो रही है और किसानो ने खेतों की जुताई का कार्य तेज कर दिया है।
भीषण गर्मी से मिली राहत
उधर लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था और दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। ऐसे में इस बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुखद बना दिया है।वहीं आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है वही कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।फिलहाल बुधवार को हुई बारिश ने भीषण गर्मी के बीच राहत की फुहार बनकर लोगों को सुकून पहुंचाया है।नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के बाद सड़कों और बाजारों का माहौल भी बदल गया।जहां दोपहर तक गर्मी के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर थे, वहीं बारिश के बाद बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई।कुल मिलाकर कहें तो इस हल्की बारिश और सुहाने मौसम से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
4 दिनों तक कुछ ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
जिला कृषि मौसम इकाई, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक धर्मेन्द्र अगासे ने भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से मिले 5 दिवसीय मध्यम श्रेणी मौसम पूर्वानुमान को लेकर बताया कि जिले में आज 10 जून से 14 जून तक की अवधि में मध्यम बादल, हल्की वर्षा, बिजली गिरने और आंधी तूफान के साथ हवा की गति लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा चलने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेलिसियस तथा न्यूयनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेलिसियस तथा सुबह हवा में 58 से 60 प्रतिशत तथा दोपहर में 43 से 45 प्रतिशत नमी रहने की संभावना है। आने वाले दिनो में हवा कि गति लगभग 6 से 7 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण दिशा में चलेगी।
00000000000000000000000000000000










































